रीठी में सड़क हादसे में घायल युवक के सिर से बह रहा था खून, आरक्षक ने गमछे से बांधी पट्टी
रीठी में सड़क हादसे में घायल 29 वर्षीय युवक के सिर से खून बह रहा था, आरक्षक घनश्याम निषाद ने गमछे से पट्टी बांधकर अस्पताल पहुंचाया।
तस्वीर में पुलिसकर्मी सड़क पर बैठे घायल युवक के सिर पर गमछा बांधते नजर आ रहे हैं।
रीठी थाना अंतर्गत पटोहा पुलिस की तत्परता से सड़क हादसे में घायल 29 वर्षीय युवक को समय पर उपचार मिल सका। थाना प्रभारी शहीद खान रीठी के मार्गदर्शन में डायल-112 की मदद से पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को प्राथमिक सहायता देने के बाद तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार हरदुआ निवासी श्रीलाल आदिवासी बाइक से हरदुआ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गई। हादसे में वह बुरी तरह घायल हो गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही रीठी थाना में पदस्थ आरक्षक घनश्याम निषाद डायल-112 के चालक के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। सड़क पर घायल अवस्था में पड़े युवक के सिर से खून बहता देख आरक्षक ने बिना देर किए अपने गले में लपेटे गमछे से घायल के सिर पर पट्टी बांधी और प्राथमिक सहायता प्रदान की।
इसके बाद घायल श्रीलाल आदिवासी को डायल-112 की मदद से तत्काल उपचार के लिए रीठी सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस की तत्परता के चलते घायल युवक को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सकी।
हादसे के बाद आरक्षक घनश्याम निषाद द्वारा दिखाई गई संवेदनशीलता और मानवीय पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है। सड़क पर घायल युवक की हालत देखकर तत्काल सहायता करना और उसे अस्पताल पहुंचाना पुलिस की तत्परता का उदाहरण सामने आया है।