कटनी के जैन मंदिर में चोरी, दानपेटी और अष्टधातु छत्र ले उड़े चोर
बड़गांव स्थित दिगम्बर जैन मंदिर में छत तोड़कर घुसे बदमाश; पर्युषण पर्व से ठीक पहले हुई वारदात पर जैन समाज ने जताई नाराजगी।
कटनी के मंदिर में जांच करते पुलिसकर्मी और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट दिखाई दे रहे हैं।
कटनी जिले के रीठी थाना क्षेत्र के बड़गांव में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात चोरों ने श्री तारण तरण दिगम्बर जैन मंदिर को निशाना बनाया। बदमाश मंदिर की छत की शीट तोड़कर अंदर दाखिल हुए और दान पेटी का ताला तोड़कर दानराशि, अष्टधातु के छत्र सहित अन्य कीमती सामग्री चोरी कर ले गए। मंगलवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
बड़गांव स्थित श्री तारण तरण दिगम्बर जैन मंदिर में हुई चोरी की वारदात से जैन समाज में आक्रोश है। घटना सलैया पुलिस चौकी क्षेत्र की बताई जा रही है। पुलिस ने मौके का निरीक्षण करने के बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट और खोजी श्वान दल को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने मंदिर परिसर और आसपास से संभावित साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके।
जैन समाज के अनुसार बुधवार 16 सितंबर से राज पर्युषण पर्व की शुरुआत हो रही है। मंदिर में पर्व को लेकर तैयारियां चल रही थीं। ऐसे समय धार्मिक स्थल में चोरी की घटना सामने आने से समाजजनों में नाराजगी है।
समाजजनों का कहना है कि करीब तीन वर्ष पहले 7 दिसंबर को भी इसी मंदिर में चोरी हुई थी। उनका दावा है कि पिछली घटना में भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी। अब दोबारा मंदिर में चोरी होने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। घटना के बाद पुलिस जांच और संदिग्धों की पहचान की कार्रवाई जारी है।