कोटा के सरकारी स्कूल में टेबल पर रखी डेंटल किट के पीछे खड़े आयोजक।   

कोटा। बचपन में दांतों की सही देखभाल की आदतें विकसित करने के उद्देश्य से कोटा यूनाइटेड राउंड टेबल 306 (KURT 306) की ओर से पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में सामुदायिक सेवा अभियान आयोजित किया गया। अभियान के दौरान विद्यार्थियों को मौखिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए 200 डेंटल किट वितरित की गईं।

चेयरमैन मुकुल जैन और सेक्रेटरी आकाश कबरा ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को दांतों की सुरक्षा और स्वच्छता के प्रति जागरूक करना रहा। इस दौरान विद्यार्थियों को ओरल हाइजीन से जुड़ी जरूरी जानकारियां दी गईं।

कार्यक्रम में राउंड टेबल इंडिया के सदस्य शुभम मालपानी ने विद्यार्थियों को ओरल हाइजीन के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने बताया कि दांतों की सुरक्षा केवल चमकदार मुस्कान तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका सीधा संबंध संपूर्ण स्वास्थ्य से है। दांतों पर जमा होने वाली गंदगी और बैक्टीरिया से कैविटी, मसूड़ों में सूजन तथा अन्य मौखिक समस्याएं हो सकती हैं। ऐसे में रोजाना दांतों की नियमित और सही तरीके से सफाई करना जरूरी है।

उन्होंने बच्चों को दिन में दो बार ब्रश करने, ब्रश को मसूड़ों और दांतों की सतह पर हल्के हाथ से सही तरीके से चलाने तथा ब्रश करने के बाद मुंह अच्छी तरह साफ करने की जानकारी दी। साथ ही अत्यधिक मीठे, चिपचिपे खाद्य पदार्थ और बार-बार मीठा खाने से बचने की सलाह दी।

बच्चों को यह भी बताया गया कि टूथब्रश किसी अन्य व्यक्ति के साथ साझा नहीं करना चाहिए। दांतों में दर्द या किसी तरह की समस्या होने पर उसे नजरअंदाज करने के बजाय समय पर दंत चिकित्सक से परामर्श लेने की सलाह दी गई।

इस अवसर पर राउण्ड टेबल 306 के चेयरमैन मुकुल जैन, सेक्रेटरी आकाश कबरा तथा राउंड टेबल इंडिया के सदस्य स्वप्निल एवं शुभम मालपानी मौजूद रहे। अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को दांतों की नियमित देखभाल, सही ब्रशिंग और खान-पान से जुड़ी स्वच्छता संबंधी आदतों के प्रति जागरूक किया गया।

Tags: