संयम और त्याग के बिना मोक्ष की प्राप्ति संभव नहीं: मुनि प्रणवसागर जी ने दिया आत्मकल्याण का संदेश
| कोटा के दादाबाड़ी स्थित श्री पुण्योदय अतिशय क्षेत्र में मुनि प्रणवसागर जी महाराज ने संयम और त्याग को मोक्ष का आधार बताया। प्रवचन के साथ मुनि योगसागर जी एवं प्रणवसागर जी का मंगल विहार और धार्मिक अनुष्ठान भी हुए।
कोटा के दादाबाड़ी स्थित श्री दिगम्बर जैन पुण्योदय अतिशय क्षेत्र में मंगल चातुर्मास के दौरान आयोजित धार्मिक अनुष्ठान में दीप प्रज्वलन कर पुण्यार्जन करते श्रद्धालु एवं माताजी।
कोटा। श्री दिगम्बर जैन पुण्योदय अतिशय क्षेत्र, नसियां जी, दादाबाड़ी, कोटा में आयोजित मंगल चातुर्मास के अंतर्गत सोमवार को मुनि श्री 108 प्रणवसागर जी महाराज ने अपने प्रवचन में संयम, त्याग और आत्मकल्याण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मनुष्य अनादिकाल से 84 लाख योनियों में भ्रमण करता आ रहा है, लेकिन इसके बावजूद उसके भीतर संयम ग्रहण करने की भावना जागृत नहीं हो रही है। अनंत जन्मों के बाद भी यदि मनुष्य आत्मकल्याण की दिशा में कदम नहीं बढ़ाएगा तो जन्म-मरण के चक्र से मुक्ति कैसे मिलेगी, यह गंभीर चिंतन का विषय है।
मुनिश्री ने रत्नकरण्डक श्रावकाचार की स्वाध्याय श्रृंखला में संयम की महत्ता बताते हुए कहा कि एकदेश व्रत ग्रहण करने के लिए भी श्रावक को उपदेश और प्रेरणा की आवश्यकता होती है। जब तक जीवन में संयम के भाव जागृत नहीं होंगे, तब तक पंच महाव्रत धारण करने की दिशा में आगे बढ़ना संभव नहीं है। त्याग और संयम के बिना मोक्ष का मार्ग प्रशस्त नहीं हो सकता।
उन्होंने कहा कि गुरु की करुणा भावना यही होती है कि संसार के सभी प्राणी जन्म, जरा और मृत्यु के दुखों से मुक्त होकर परम पद मोक्ष को प्राप्त करें। व्रत, नियम और संयम के बिना आत्मकल्याण की भावना पूर्ण नहीं हो सकती। संसार के मार्ग पर चलते हुए मोक्ष मार्ग की प्राप्ति संभव नहीं है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को स्वयं विचार करना चाहिए कि उसे जीवन में किस मार्ग पर आगे बढ़ना है।
मुनि श्री प्रणवसागर जी महाराज ने कहा कि जब तक आत्मा में मोक्ष की इच्छा और उपादान शक्ति जागृत नहीं होगी, तब तक मोक्षमार्ग प्रशस्त नहीं हो सकता। मनुष्य द्वारा अर्जित ज्ञान केवल सुनने और पढ़ने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उसे चिंतन, आचरण और चारित्र में उतारना आवश्यक है। संसार नश्वर और असार है तथा प्रत्येक जीव को एक न एक दिन अपना आत्मकल्याण करना ही है। इसलिए जीवन में ऐसी भावना जागृत करनी चाहिए, जिससे शीघ्र आत्मकल्याण की दिशा में आगे बढ़कर परम पद की प्राप्ति हो सके।
उन्होंने श्रद्धालुओं से संतों और गुरुओं की निरंतर शरण एवं सान्निध्य में रहकर आत्मकल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ने का आह्वान किया। मुनिश्री के अनुसार जीवन में संयम, त्याग और गुरु की प्रेरणा को स्थान देने से आत्मकल्याण का मार्ग प्रशस्त हो सकता है।
दोपहर 3 बजे निर्यापक श्रमण मुनि श्री 108 योगसागर जी महाराज एवं मुनि श्री 108 प्रणवसागर जी महाराज ने दादाबाड़ी से तलवंडी जैन मंदिर की ओर मंगल विहार किया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्तजन गुरुदेवों के साथ शामिल हुए। आचार्य विद्यासागर पाठशाला के बच्चों ने ढोल बजाकर भक्ति और उत्साह के साथ मुनिश्री का मंगल विहार कराया। संतों के विहार के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और भक्ति का वातावरण रहा। भक्तों ने गुरु चरणों के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए मंगल विहार में सहभागिता की और आत्मकल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ने का संकल्प लिया।
श्री पुण्योदय अतिशय क्षेत्र में आयोजित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों में भी श्रद्धालुओं ने भक्तिभावपूर्वक सहभागिता कर पुण्यार्जन किया। प्रशासनिक मंत्री श्रीमती अर्चना जैन सर्राफ ने बताया कि श्रावक श्रेष्ठी सम्मान, चित्र अनावरण, दीप प्रज्वलन एवं शास्त्र भेंट के पुण्यार्जन का सौभाग्य विभिन्न पुण्यशाली परिवारों को प्राप्त हुआ। शास्त्र भेंट का पुण्यलाभ शकुन्तला-विजय दुगेरिया एवं अजय-किरण परिवार ने अर्जित किया।
सुमित सेंकी एवं मनोज बगड़ा ने बताया कि शांतिधारा का पुण्यार्जन विमलचंद एवं श्रीमती रोशनबाई राजकुमार सेठिया परिवार तथा श्रीमती सुशीला बाई, अशोक एवं राजकुमार ठोरा परिवार ने प्राप्त किया। श्रद्धालुओं ने भक्तामर विधान में भी भक्तिभावपूर्वक सहभागिता कर धर्मलाभ अर्जित किया।
सुनील माडिया के अनुसार, मुनि श्री योगसागर जी महाराज के आहारदान का पुण्यलाभ राजेंद्र, हुकम काका एवं प्रकाश हरसोरा परिवार ने प्राप्त किया। वहीं, दर्शन बरमुंडा के अनुसार मुनि श्री प्रणवसागर जी महाराज के आहारदान का सौभाग्य प्रकाश, मनीष एवं सुनील माडिया परिवार को मिला।
धर्मसभा के समापन पर श्रद्धालुओं ने आचार्य श्री की पूजन-अर्चना कर अर्घ्य समर्पित किए। इसके साथ ही जिनवाणी वंदना के माध्यम से धर्मलाभ अर्जित किया। मंगल चातुर्मास के दौरान हुए प्रवचन, मंगल विहार और धार्मिक अनुष्ठानों के माध्यम से श्रद्धालुओं को संयम, त्याग, व्रत और आत्मचिंतन को जीवन में अपनाने का संदेश दिया गया।