कोटा में जेसीआई स्टार का दीप पर्व संगम बना आकर्षण, बच्चों की झांकियों में दिखी भारतीय संस्कृति की झलक
| दीप पर्व संगम में नवरात्रि से दीपावली तक के पर्वों की परंपराओं को बच्चों ने झांकियों और प्रस्तुतियों के जरिए जीवंत किया।
कोटा में आयोजित दीप पर्व संगम दीपोत्सव के दौरान पारंपरिक वेशभूषा में नजर आ रहीं बालिकाएं।
कोटा में जेसीआई कोटा स्टार की ओर से आयोजित दीप पर्व संगम दीपोत्सव में भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और पारंपरिक त्योहारों की छटा देखने को मिली। रंग-बिरंगी झांकियों और बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने आयोजन को विशेष बना दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना के साथ हुआ।
जेसीआई कोटा स्टार के अध्यक्ष मनीष गुप्ता एवं चेयरपर्सन दीप्ति गुप्ता ने बताया कि दीप पर्व संगम के माध्यम से भारतीय संस्कृति और त्योहारों की परंपराओं को उत्सव के रूप में प्रस्तुत किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य विभिन्न पर्वों से जुड़ी सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं को एक मंच पर प्रदर्शित करना रहा।
कार्यक्रम निदेशक अमन कशीष जैन, पंकज शालिनी खंडेलवाल, मुकुट ज्योति अग्रवाल तथा नितेश पूजा जैन ने बताया कि विशेष आयोजन में नवरात्रि से लेकर दीपावली तक मनाए जाने वाले विभिन्न त्योहारों की झलक प्रस्तुत की गई। इनमें करवा चौथ, शरद पूर्णिमा, धनतेरस एवं रूप चौदस जैसे पर्वों की सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं को दर्शाया गया।
सचिव नीरज शर्मा ने बताया कि रंग-बिरंगी एवं आकर्षक झांकियों के माध्यम से बच्चों ने विभिन्न त्योहारों की परंपराओं, धार्मिक मान्यताओं और भारतीय संस्कृति को जीवंत कर दिया। बच्चों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में कविता बाफना, कोषाध्यक्ष अंशुल जैन, भूमिका गुप्ता, सिद्धि सोनी, पूर्व चेयरपर्सन सुनीता गोयल, कल्पना चित्तौड़ा, खुशी डागा, ममता शर्मा, श्वेता जैन, अलका जैन, विभूति जैन, रिचा रस्तोगी, दीप्ति गर्ग और रितु खंडेलवाल सहित जेसीआई कोटा स्टार के अनेक सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।