कोटा के अन्नकूट महाप्रसादी महोत्सव मंच पर खड़े अतिथि और माहेश्वरी समाजबंधु दिख रहे हैं।

कोटा। आस्था, भक्ति और सामाजिक एकता के संगम के बीच आर्ट हिल सिटी पार्क में श्री माहेश्वरी पंचायत कोटा की ओर से अन्नकूट महाप्रसादी महोत्सव आयोजित किया गया। ठाकुरजी के मनमोहक श्रृंगार, 56 भोग के दर्शन और भक्ति संगीत के बीच हाड़ौती सहित पूर्वी राजस्थान के पांच हजार से अधिक माहेश्वरी समाजबंधुओं ने श्रद्धापूर्वक अन्नकूट महाप्रसादी ग्रहण की। महोत्सव में 31 प्रकार की तरकारियों से अन्नकूट तैयार किया गया। 66 वर्षों से चली आ रही परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस बार आयोजन को पूरी तरह डिस्पोजल फ्री रखा गया, जिसके माध्यम से अन्न संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा का संदेश दिया गया।

‘जीमो जीमो सांवरिया... आया शरण तेरी श्याम... मेरी आपकी कृपा से सब काम हो रहा है...’ जैसे भजनों की मधुर स्वर लहरियों के बीच पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। आयोजन में धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक समरसता और आपसी सद्भाव की झलक भी देखने को मिली।

श्री माहेश्वरी पंचायत कोटा के अध्यक्ष कृष्ण गोपाल जाखेटिया एवं मंत्री रामचरण धूत ने बताया कि महोत्सव में कोटा, बूंदी, बारां, झालावाड़ तथा रावतभाटा सहित हाड़ौती संभाग और पूर्वी राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों से माहेश्वरी समाजबंधु शामिल हुए। माहेश्वरी समाज के अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला मुख्य अतिथि तथा कोटा जिला सहकारी उपभोक्ता होलसेल भंडार लिमिटेड के अध्यक्ष हरिकृष्ण बिरला विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

पूर्वी राजस्थान प्रादेशिक माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष महेशचंद अजमेरा ने बताया कि कार्यक्रम में ओम माहेश्वरी महापद्म अतिथि के रूप में शामिल हुए। पद्म निधि, गोविंद माहेश्वरी, विष्णु कुमार साबू, रामनारायण कालानी, आनंद स्वरूप राठी, भगवान बिरला और मनोज जाखोटिया सहित शंख निधि, मुकुंद, नील और कुमुद श्रेणी के अतिथियों ने भी सहभागिता निभाई। पौण्ड्र, खड्ग, देवदत्त, सुघोष और मणिपुष्पक श्रेणी के अतिथि भी महोत्सव में शामिल हुए।

ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने समारोह को संबोधित करते हुए अन्नकूट महोत्सव की धार्मिक और सामाजिक विशेषताओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के प्रयासों से इस बार मध्यप्रदेश के गांधी सागर से बूंदी और पाटन क्षेत्र के किसानों को नहरों के माध्यम से पर्याप्त पानी उपलब्ध हुआ। इससे किसानों की फसल अच्छी हुई और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई। किसानों की मेहनत से आई समृद्धि का असर दीपावली पर बाजारों में भी दिखाई दिया, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली।

कार्यक्रम में अजमेर की अनादि सरस्वती, एसपी तेजस्विनी गौतम, अतिरिक्त संभागीय आयुक्त ममता तिवाड़ी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंकित जैन, प्रशासनिक अधिकारी राजेश डागा एवं सुनीता डागा सहित अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे। अंकित जैन ने भजन संध्या में भी सहभागिता निभाई और भजनों की स्वर लहरियों के बीच अपनी भावपूर्ण उपस्थिति दर्ज कराई।

समारोह में कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा, महापौर अनुसूईया गोस्वामी, उपमहापौर विवेक राजवंशी, भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश जैन, नेता प्रतिपक्ष लव शर्मा, पूर्व महापौर महेश विजय, पंकज मेहता, कोटा व्यापार संघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी, हितकारी समिति की अध्यक्ष सूरज बिरला, सभा नम्बर 108 की अध्यक्ष मीनू बिरला तथा अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महिला संगठन की निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष आशा माहेश्वरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, विभिन्न समाजों के अध्यक्ष और प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

माहेश्वरी समाज के अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला ने अन्नकूट महोत्सव को सामाजिक समरसता और आपसी सौहार्द का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि माहेश्वरी समाज पिछले 66 वर्षों से इस परंपरा का निरंतर निर्वहन कर रहा है। माहेश्वरी पंचायत के प्रत्येक सदस्य की कर्मठता, समर्पण और सामूहिक प्रयासों से आयोजन लगातार भव्य स्वरूप ले रहा है। पिछले 11 वर्षों से इसे कोटा सहित पूर्वी राजस्थान स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। इसमें कोटा, बूंदी, बारां, झालावाड़ और रावतभाटा से पांच हजार से अधिक समाजबंधु एकत्रित होते हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज के लोगों को एक-दूसरे से जुड़ने, परिचय बढ़ाने और मैत्री भाव विकसित करने का अवसर देते हैं। सामाजिक सामंजस्य, सहयोग और उन्नति की भावना को मजबूत करने के लिए इस प्रकार के आयोजन समय-समय पर होते रहने चाहिए।

भजन संध्या की शुरुआत दीप अग्रवाल ने ‘महाराज गजानंद आओ जी...’ से गणेश वंदना प्रस्तुत कर की। इसके बाद गोविंद माहेश्वरी ने अपनी मधुर आवाज में महेश वंदना के साथ ‘सांवली सूरत पर मोहन’, ‘गोवर्धन महाराज थारे माथे मुकुट’, ‘सांवरिया है सेठ’, ‘एक राधा एक मीरा’, ‘जीमो जीमो सांवरिया’, ‘आया शरण तेरी श्याम’, ‘मीठे रस से भरी राधा रानी लागे’ और ‘मेरी आपकी कृपा से सब काम हो रहा है’ जैसे भजनों की प्रस्तुतियां दीं।

भक्ति संगीत ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। भक्तिरस में डूबे समाजबंधु देर तक नृत्य करते रहे। ठंडी-ठंडी बयार और भजनों की मधुर धुनों के बीच पूरा परिसर कृष्णमय हो गया।

अन्नकूट महोत्सव में ठाकुरजी महाराज की भव्य झांकी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। झांकी में भगवान जगन्नाथ की प्रतिमा के साथ राधा-कृष्ण की युगल जोड़ी को विराजमान किया गया। मध्य में ठाकुरजी महाराज का आकर्षक श्रृंगार कर उन्हें हजारों पुष्पों से सजे दिव्य दरबार में विराजित किया गया। श्रद्धालुओं ने दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर ठाकुरजी को 56 भोग अर्पित किए गए।

पंचायत अध्यक्ष कृष्ण गोपाल जाखेटिया ने बताया कि टिपटा गढ़ पैलेस स्थित श्री गोविंद देवजी मंदिर तथा सती चबूतरा, पाटनपोल स्थित श्री चारभुजाजी मंदिर श्री माहेश्वरी पंचायत कोटा की प्राचीन संपत्तियां हैं। इनका संचालन पंचायत की ओर से किया जाता है। दीपावली के बाद आयोजित होने वाले अन्नकूट समारोह में श्री चारभुजाजी के चल विग्रह को अन्नकूट स्थल पर विराजित किया जाता है। यह परंपरा धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है।

महोत्सव में पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए महाप्रसादी वितरण की व्यवस्था पूरी तरह डिस्पोजल फ्री रखी गई। पंचायत के कोषाध्यक्ष बृजगोपाल भराड़िया ने बताया कि समाजबंधुओं ने स्वयं परोसगारी की जिम्मेदारी संभाली और सेवा एवं समर्पण का परिचय दिया। महाप्रसादी के लिए 31 प्रकार की तरकारियों से विशेष अन्नकूट तैयार किया गया, जिसे हजारों समाजबंधुओं ने श्रद्धापूर्वक ग्रहण किया।

महाप्रसादी वितरण में माहेश्वरी प्रगति मंडल (दादाबाड़ी), श्री माहेश्वरी सेवा संस्थान (नया कोटा), श्री माहेश्वरी पंचायत (रामपुरा), श्री माहेश्वरी सेवा समिति (कुन्हाड़ी), महिला मंडल (कोटा एवं कुन्हाड़ी), कोटा नगर माहेश्वरी युवा संगठन तथा माहेश्वरी नवोदिता मंडल ने विशेष सहयोग दिया।

आयोजन की सफलता में माहेश्वरी समाज के मंत्री बिट्ठल दास मूंदड़ा, उपाध्यक्ष नंदकिशोर काल्या, कोषाध्यक्ष राजेंद्र कुमार शारदा, सहमंत्री घनश्याम मूंदड़ा, पूर्वी राजस्थान प्रादेशिक माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष महेशचंद अजमेरा एवं मंत्री आनंद राठी, कोटा जिला माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष सुरेशचंद्र काबरा एवं मंत्री ओमप्रकाश गट्टानी, सेवा संस्थान के अध्यक्ष प्रमोद कुमार भंडारी एवं मंत्री दामोदर मूंदड़ा, सेवा समिति कुन्हाड़ी के अध्यक्ष मनीष मूंदड़ा एवं मंत्री बृजगोपाल भराड़िया, महिला मंडल की अध्यक्ष सरिता मोहता एवं सचिव श्वेता माहेश्वरी, नगर युवा संगठन के अध्यक्ष जय लखोटिया एवं सचिव मधुर काबरा, कोटा जिला युवा संगठन के अध्यक्ष प्रशांत पनवाड़ एवं मंत्री आदित्य लड्ढा, पंचायत उपाध्यक्ष सत्यनारायण चांडक तथा घनश्याम सोनी सहित अनेक समाजबंधुओं ने योगदान दिया।

अंत में श्री माहेश्वरी पंचायत कोटा के अध्यक्ष कृष्ण गोपाल जाखेटिया एवं मंत्री रामचरण धूत ने महोत्सव में शामिल सभी अतिथियों, समाजबंधुओं, सहयोगकर्ताओं और आयोजन में सहभागी लोगों का आभार व्यक्त किया। 66 वर्षों से चली आ रही यह परंपरा धार्मिक आयोजन के साथ समाज की एकजुटता, सेवा भावना और पर्यावरण संरक्षण के सामूहिक संकल्प का माध्यम बनी।

Tags: