तस्वीर में कोटा के रंगबाड़ी स्थित बालाजी महाराज कुंड पर छठ महापर्व के अवसर पर उगते सूर्य को अर्घ्य देते हुए श्रद्धालु नजर आ रहे हैं।

कोटा में सोमवार, 16 नवंबर को उदयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन हो गया। रंगबाड़ी स्थित बालाजी महाराज के कुंड पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। व्रती महिलाओं ने 36 घंटे के निर्जला व्रत की तपस्या पूरी कर सूर्यदेव और छठी मैया की पूजा-अर्चना की तथा परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की दीर्घायु की कामना की।

बिहार समाज विकास समिति के संरक्षक संजय यादव ने बताया कि ब्रह्म मुहूर्त से ही रंगबाड़ी स्थित बालाजी महाराज के कुंड पर उदयमान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचने लगे थे। बिहार समाज के अनेक समाजबंधु रातभर कुंड पर मौजूद रहे और छठी मैया के पारंपरिक गीतों के माध्यम से आराधना करते रहे।

भोर की पहली किरण के साथ व्रती महिलाओं ने कमर तक पानी में खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इसके बाद छठी मैया और सूर्यदेव की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने परिवार में सुख-समृद्धि, खुशहाली और संतान की दीर्घायु के लिए प्रार्थना की।

पूजन के दौरान महिलाओं ने छठी मैया के पारंपरिक लोकगीत गाए। 'पहिले-पहिल हम कइनी छठी मैया व्रत तोहार, करिहा क्षमा छठी मैया, भूल-चूक गलती हमार...' जैसे गीतों से रंगबाड़ी स्थित कुंड का वातावरण भक्तिमय हो गया। गीतों और पूजा-अर्चना के बीच श्रद्धालुओं ने सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर छठी मैया के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।

36 घंटे के निर्जला व्रत की कठिन तपस्या पूरी होने के बाद व्रती महिलाओं ने प्रसाद ग्रहण कर पारणा किया। इसके साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन हो गया।

आयोजन की व्यवस्थाओं में धनजी यादव, कमलकांत शर्मा, बृजनंदन शर्मा, कमलेश सिंह, राजू रंजन सिंह, संतोष शर्मा, अमरजीत शर्मा, राजकुमार शर्मा, भगवान सिंह और उमाशंकर सिंह ने सहयोग किया।

Tags: