रायथल के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में विकास कार्यों के लिए भूमि पूजन करते ग्रामीण व संस्था सदस्य।

बारां जिले के रायथल स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कोटा सिटी राउंड टेबल 358 ने महत्वपूर्ण पहल की है। संस्था की ओर से विद्यालय में चार नए कक्षों के निर्माण और मौजूदा टॉयलेट ब्लॉक के नवीनीकरण कार्य का विधिवत भूमि पूजन किया गया।

कोटा सिटी राउंड टेबल 358 के अध्यक्ष रोहित जैन ने बताया कि इस परियोजना पर लगभग 27 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके तहत विद्यालय परिसर में चार नए कक्षों का निर्माण कराया जाएगा और मौजूदा टॉयलेट ब्लॉक का नवीनीकरण किया जाएगा। परियोजना का उद्देश्य विद्यालय के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के साथ विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और स्वच्छता संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

रोहित जैन ने बताया कि कोटा सिटी राउंड टेबल 358 शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है। संस्था सरकारी विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के विकास और जरूरतमंद बच्चों को बेहतर शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

भूमि पूजन कार्यक्रम में एरिया 12 वाइस चेयरमैन किन्शुक जैन, सचिव रमन भाटिया तथा टेबल के सदस्य उमंग गोयल एवं सिद्धार्थ गौतम उपस्थित रहे।

कोटा सिटी राउंड टेबल 358 की इस परियोजना से राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, रायथल के विद्यार्थियों को चार नए कक्षों के साथ बेहतर स्वच्छता सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे विद्यालय में स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक शैक्षणिक वातावरण विकसित करने में मदद मिलेगी।

Tags: