कोटा के विज्ञान नगर स्थित दिगंबर जैन मंदिर में सिद्धचक्र महामंडल विधान के शुभारंभ अवसर पर आयोजित धार्मिक अनुष्ठान में शामिल इंद्र-इंद्राणी और समाज के पदाधिकारी।

कोटा। अहंकार व्यक्ति को धर्म और आत्मकल्याण से दूर कर देता है, जबकि धर्म ही जीवन में स्थायी सुख और शांति का आधार है। धर्म के सान्निध्य से व्यक्ति मानसिक एवं वाचिक विकारों से मुक्त होकर आंतरिक शक्ति और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त कर सकता है। यह विचार आर्यिका 105 स्वस्ति भूषण माताजी ने विज्ञान नगर स्थित दिगंबर जैन मंदिर में सिद्धचक्र महामंडल विधान के शुभारंभ अवसर पर आयोजित धर्मसभा में व्यक्त किए।

माताजी ने कहा कि प्रकृति की अपनी सुव्यवस्थित व्यवस्था है, लेकिन मनुष्य स्वयं को अधिक बुद्धिमान समझकर उसमें बदलाव करने का प्रयास करता है। यही अहंकार उसे धर्म और आत्मकल्याण से दूर कर देता है। उन्होंने कहा कि धर्म ऐसी आध्यात्मिक शक्ति है, जो व्यक्ति के मानसिक और वाचिक विकारों को दूर कर उसे आंतरिक सामर्थ्य प्रदान करती है। धर्म से प्राप्त शक्ति स्थायी होती है और इसी के माध्यम से जीवन में सुख एवं शांति संभव है।

विज्ञान नगर जैन मंदिर में सिद्धचक्र महामंडल विधान का शुभारंभ प्रातःकाल कलश शुद्धि के साथ निकाली गई घटयात्रा से हुआ। घटयात्रा मंदिर के मुख्य मार्गों से होते हुए मंदिर परिसर पहुंची। यहां महिलाओं ने 81 मंत्रों के साथ मंडप शुद्धि की। इसके बाद सी के जैन ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर विधान में बैठने वाले पात्रों का चयन भी किया गया।

विधान में सौधर्म इंद्र के रूप में नरेन्द्र-बबीता जैन कलकत्ता रहे। कुबेर इंद्र के रूप में विनोद समिता टोरडी, महायज्ञ नायक के रूप में बाबू लाल सौसर बाई तथा यज्ञ नायक के रूप में विजय पटौदी बने।

प्रतिष्ठाचार्य प्रदीप शास्त्री ललितपुर ने मंत्रोच्चार के साथ सभी धार्मिक क्रियाएं विधि-विधानपूर्वक संपन्न कराईं। दोपहर में इंद्र-इंद्राणियों के लिए हल्दी एवं मेहंदी की रस्म आयोजित की गई। इसके बाद इंद्र प्रतिष्ठा और सकलीकरण की धार्मिक प्रक्रियाएं संपन्न हुईं। सायंकाल गुरु भक्ति एवं आनंद यात्रा का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के संबंध में अध्यक्ष राजमल पटौदी ने बताया कि आयोजन में विमल, जे के जैन, रितेश सेठी, अनिल ठोरा, अमित चिकू, मनोज जायसवाल, आशीष जायसवाल और विनोद टोरडी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। सिद्धचक्र महामंडल विधान के शुभारंभ के साथ विज्ञान नगर जैन मंदिर में जिनेंद्र आराधना की धार्मिक गतिविधियां शुरू हुईं।

Tags: