सत्यम् शिवम् सुन्दरम् योजना को मिला जबरदस्त प्रतिसाद, 10 दिन में 733 भूखंडों के लिए 800 से अधिक आवेदन
| कोटा विकास प्राधिकरण की सत्यम् शिवम् सुन्दरम् योजना को 10 दिनों में 800 से अधिक आवेदन मिले हैं। 733 भूखंडों वाली इस योजना में ऑनलाइन आवेदन, 5 दिसंबर की अंतिम तिथि और शंभूपुरा गांव को लेकर फैली अफवाहों पर प्राधिकरण ने स्थिति स्पष्ट की है।
कोटा विकास प्राधिकरण की शंभूपुरा स्थित सत्यम् शिवम् सुन्दरम् योजना के 733 भूखंडों के लिए अब तक 800 से अधिक ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिसकी अंतिम तिथि 5 दिसंबर 2026 है।
कोटा विकास प्राधिकरण की कोटा द्वार, शंभूपुरा स्थित सत्यम् शिवम् सुन्दरम् योजना को शुभारंभ के महज 10 दिनों में ही आमजन का अच्छा प्रतिसाद मिला है। योजना के तहत उपलब्ध 733 भूखंडों के लिए अब तक 800 से अधिक सफल आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। आवेदन की यह संख्या योजना के प्रति लोगों के बढ़ते भरोसे और प्राधिकरण की पारदर्शी कार्यप्रणाली को दर्शाती है।
कोटा विकास प्राधिकरण की इस बहुप्रतीक्षित योजना का शुभारंभ 6 नवंबर, 2026 को किया गया था। प्राधिकरण के इतिहास में पहली बार इस योजना के लिए केवल ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किए जा रहे हैं। इसके बावजूद कोटा के साथ राजस्थान के अन्य शहरों से भी बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हो रहे हैं। योजना की जानकारी लेने के लिए आमजन कोटा विकास प्राधिकरण कार्यालय और एचडीएफसी बैंक की निकटतम शाखाओं में संपर्क कर रहे हैं।
योजना में आवेदन करने की अंतिम तिथि 5 दिसंबर, 2026 निर्धारित की गई है। आवेदकों को निर्धारित समय पर विकसित भूखंड उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्राधिकरण ने विकास कार्यों की गति तेज कर दी है। रोड नेटवर्क और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए प्राधिकरण की ओर से 14 अगस्त, 2026 को लगभग 18 करोड़ रुपये का कार्यादेश जारी किया जा चुका है।
इस बीच, योजना को लेकर शंभूपुरा गांव के परिवारों को बेदखल किए जाने की अफवाहों पर भी कोटा विकास प्राधिकरण ने स्थिति स्पष्ट की है। प्राधिकरण के अनुसार, यह भ्रामक दावा किया जा रहा है कि सैकड़ों वर्ष पुराने शंभूपुरा गांव में निवास कर रहे परिवारों को हटाया जाएगा, जबकि यह पूरी तरह असत्य और निराधार है। प्राधिकरण का ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं है। हालांकि, यदि सड़क मार्ग में कोई आवास आ रहा है तो उसके संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कोटा विकास प्राधिकरण ने योजना को मिल रहे जनसमर्थन और विश्वास के लिए आमजन का आभार जताया है। साथ ही योजना को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से विकसित कर भूखंड उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई है।