कोटा में लगा निःशुल्क एक्यूपंक्चर शिविर, 57 मरीजों को मिला इलाज
रोटरी क्लब कोटा की ओर से आयोजित शिविर में अस्थमा, कमर दर्द और सर्वाइकल से पीड़ित मरीजों का इलाज किया गया।
कोटा में रोटरी क्लब द्वारा आयोजित शिविर में मरीजों का किया गया उपचार।
कोटा। अस्थमा, कमर दर्द और सर्वाइकल दर्द से पीड़ित मरीजों को निःशुल्क उपचार सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रोटरी क्लब कोटा की ओर से एक्यूपंक्चर उपचार शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 57 मरीजों ने भाग लेकर एक्यूपंक्चर चिकित्सा पद्धति के माध्यम से उपचार प्राप्त किया।
शिविर में क्लब अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह खींची ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत किया। इस दौरान मरीजों को एक्यूपंक्चर चिकित्सा पद्धति के बारे में जानकारी दी गई। यह ऐसी चिकित्सा विधि है, जिसमें शरीर के विशिष्ट बिंदुओं पर अत्यंत पतली सुइयों का उपयोग किया जाता है। इस पद्धति का उपयोग विशेष रूप से कुछ प्रकार के दर्द, जैसे कमर दर्द और गर्दन के दर्द के साथ अस्थमा आदि के उपचार में किया जाता है।
शिविर में एक्यूपंक्चर विशेषज्ञ एवं एक्यूपंक्चर साइंस एसोसिएशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनीश गुप्ता ने मरीजों को एक्यूपंक्चर चिकित्सा पद्धति के माध्यम से उपचार संबंधी सेवाएं प्रदान कीं।
क्लब सचिव मुकेश चौधरी ने बताया कि शिविर में अस्थमा, कमर दर्द और सर्वाइकल दर्द से पीड़ित 57 मरीजों ने उपचार प्राप्त किया। शिविर का उद्देश्य मरीजों को निःशुल्क उपचार संबंधी सुविधा उपलब्ध कराने के साथ एक्यूपंक्चर चिकित्सा पद्धति के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
शिविर के आयोजन में प्रोजेक्ट डायरेक्टर सुरेंद्र गहलोत और शैलेन्द्र सिंह सोमवंशी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। क्लब प्रवक्ता संजय गोयल ने बताया कि इस अवसर पर क्लब लर्निंग फेसिलेटर मुकेश व्यास, अनुराग उपाध्याय, गौरव सिंघवी, मनीष मेहता, अर्चना गहलोत, अंजलि शर्मा और सह सचिव जयंत उपाध्याय सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। शिविर के माध्यम से अस्थमा, कमर दर्द और सर्वाइकल दर्द से पीड़ित मरीजों को निःशुल्क उपचार सुविधा उपलब्ध कराने तथा एक्यूपंक्चर के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।