कोटा की देवाशीष सिटी में शरद पूर्णिमा पर भजन संध्या आयोजित, बंटा प्रसाद
श्री राधाकृष्ण सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में राधिका किशोरी की टीम ने भजनों की प्रस्तुति दी और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया।
कोटा के देवाशीष सिटी में शरद पूर्णिमा पर मंदिर में विशेष श्रृंगार के साथ पूजन किया गया।
कोटा के बोरखेड़ा स्थित देवाशीष सिटी कॉलोनी में शरद पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। श्री राधाकृष्ण सेवा समिति देवाशीष सिटी कोटा के तत्वावधान में आयोजित महोत्सव में विशाल भजन संध्या हुई, जिसमें राधा-कृष्ण के भजनों की प्रस्तुतियों ने भक्तिमय वातावरण बनाया।
समिति के सचिव रासबिहारी अग्रवाल, अध्यक्ष ज्ञानसिंह सिसोदिया और कोषाध्यक्ष सुरज प्रकाश गर्ग ने संयुक्त रूप से बताया कि इस वर्ष कॉलोनी में शरद पूर्णिमा उत्सव को लेकर निवासियों में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में 25 अक्टूबर को सोसायटी में स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में विशाल भजन संध्या का आयोजन किया गया।
भजन संध्या में कथा व्यास राधिका किशोरी और उनकी साथी टीम ने मीठे-मीठे भजनों की प्रस्तुति दी। इस अवसर पर राधा-कृष्ण भगवान का सफेद पोशाक से विशेष श्रृंगार किया गया। मंदिर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने भजन संध्या में भाग लिया।
भजन संध्या के समापन के बाद आरती की गई। इसके पश्चात श्रद्धालुओं को साबूदाने की खीर और बासुंदी रबड़ी का प्रसाद वितरित किया गया। इस तरह देवाशीष सिटी में शरद पूर्णिमा महोत्सव भजन, आरती और प्रसाद वितरण के साथ संपन्न हुआ।