रामगंजमंडी: सागरमल बिजावत का देहदान, झालावाड़ मेडिकल कॉलेज को सौंपा शरीर
पुत्र संजय बिजावत ने पिता की अंतिम इच्छा पूरी करते हुए उनका पार्थिव शरीर झालावाड़ मेडिकल कॉलेज को चिकित्सा अनुसंधान के लिए सौंपा।
रामगंजमंडी के सागरमल बिजावत का पार्थिव शरीर चिकित्सा अनुसंधान के लिए झालावाड़ मेडिकल कॉलेज को सौंपा गया।
रामगंजमंडी में सागरमल बिजावत ने अपने 80 वर्ष के जीवन में सेवा, समर्पण, सादगी और उच्च आदर्शों की ऐसी मिसाल पेश की, जो उनके निधन के बाद भी मानवता को प्रेरित करती रहेगी। उन्होंने जीवनभर धार्मिक और सामाजिक दायित्वों का निर्वहन किया और मृत्यु के बाद भी चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान के लिए अपना पार्थिव शरीर समर्पित कर सेवा का संदेश दिया। उनके पुत्र एवं शाइन इंडिया फाउंडेशन के रामगंजमंडी शहर संयोजक संजय बिजावत ने पिता की इच्छा और संकल्प को पूरा करते हुए उनका देहदान झालावाड़ मेडिकल कॉलेज को करवाया।
इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में शाइन इंडिया फाउंडेशन के डॉ. कुलवंत गौड़ ने बताया कि संजय बिजावत लंबे समय से क्षेत्र में नेत्रदान के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए सक्रिय हैं। उनके प्रयासों से अब तक 80 से अधिक दिवंगत व्यक्तियों का नेत्रदान संपन्न हो चुका है। इससे दृष्टिबाधित लोगों के जीवन में रोशनी लौटाने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। सागरमल बिजावत के अंतिम दर्शन और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए कोटा, झालावाड़, भवानीमंडी सहित संपूर्ण हाड़ौती क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
जीवन परिचय प्रस्तुत करते हुए आरोग्य भारती के जिला अध्यक्ष वीरेंद्र जैन ने कहा कि देहदानी सागरमल बिजावत का 80 वर्ष का जीवन समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उनका जीवन इस संदेश को चरितार्थ करता है कि मनुष्य को ऐसे जीना चाहिए कि मृत्यु भी महोत्सव बन जाए। उनका जन्म भवानीमंडी में हुआ था। उन्होंने विक्रम विश्वविद्यालय उज्जैन से एलएलबी की डिग्री प्राप्त की।
सागरमल बिजावत ने अपना संपूर्ण जीवन योजनाबद्ध तरीके से उच्च आदर्शों, सिद्धांतों, सरलता और ईमानदारी के साथ व्यतीत किया। युवावस्था में शिक्षा, प्रौढ़ अवस्था में नौकरी और पारिवारिक जिम्मेदारियों तथा सेवानिवृत्ति के बाद धार्मिक एवं सामाजिक सेवा को उन्होंने अपने जीवन का उद्देश्य बनाया। पिछले दस वर्षों से गृहस्थ जीवन में रहते हुए भी उनका रहन-सहन साधु जैसा रहा। उन्होंने अंतिम सांस तक जैन स्थानकवासी संघ के अध्यक्ष पद का दायित्व पूरी निष्ठा के साथ निभाया।
उनकी धर्मपत्नी पारस जीजी भी धार्मिक, तपस्वी और समाजसेवी प्रवृत्ति की थीं। उन्होंने जीवन के अंतिम समय तक जैन महिला मंडल के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी निभाई। उनकी दोनों संतानें पुत्री चंदन और पुत्र संजय भी माता-पिता से मिले संस्कारों को आत्मसात कर धार्मिक एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित वक्ताओं ने बिजावत परिवार के देहदान के निर्णय की सराहना की। जैन संघ के उपाध्यक्ष तेजमल सराफ ने कहा कि मात्र नौ दिनों के अल्प अंतराल में जैन समाज का यह दूसरा देहदान है, जो समाज में बढ़ती सेवा भावना का परिचायक है।
पुलिस उप अधीक्षक ओमप्रकाश विश्नोई ने कहा कि यह परिवार का अत्यंत साहसिक निर्णय है। ग्रामीण क्षेत्रों में अभी भी नेत्रदान को लेकर भ्रांतियां हैं, जबकि जैन समाज देहदान जैसे पुनीत कार्य में आगे बढ़कर समाज को प्रेरित कर रहा है।
झालरापाटन के पूर्व विधायक निर्मल सकलेचा ने कहा कि नेत्रदान और देहदान के निर्णय ने दिवंगत आत्मा को मानव सेवा की अमर मिसाल बना दिया है। यह निर्णय आने वाली पीढ़ियों को लंबे समय तक प्रेरित करता रहेगा।
भवानीमंडी कांग्रेस नगर अध्यक्ष कालूलाल सालेचा ने कहा कि दिवंगत सागरमल बिजावत ने अपनी जन्मस्थली और कर्मस्थली, दोनों के विकास एवं सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
श्रद्धांजलि सभा में सुरेश लूथरा, रूपचंद जैन (आदर्श विद्या समिति), पूर्व पालिका अध्यक्ष हुकम बाफना, पूर्व पालिकाध्यक्ष अखिलेश मेडतवाल, पालिकाध्यक्ष नरेंद्र काला, नगर कांग्रेस अध्यक्ष पवन बाबेल, जैन समाज संरक्षक ज्ञानचंद डांगी, संजय पतीरा, अशोक गुंडेचा, दिगंबर जैन समाज से धर्मेंद्र लुहाड़िया, गोविंद धाम से पंडित गोविंद शर्मा, पुखराज झिंगावत (भवानीमंडी), नरेंद्र पिछोलिया (भवानीमंडी) एवं जैन महिला मंडल अध्यक्ष कंचन सर्राफ सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए और बिजावत परिवार के निर्णय की सराहना की।
कार्यक्रम का संचालन जैन संघ महामंत्री अजीत पारख ने किया। आभार दिवंगत आत्मा की पुत्री चंदन जैन (जयपुर) एवं पुत्र संजय बिजावत ने व्यक्त किया।
श्रद्धांजलि सभा के समापन के बाद नमोकार मंत्र के मंगल उच्चारण के साथ सागरमल बिजावत के पार्थिव शरीर को भावी चिकित्सकों की शिक्षा एवं चिकित्सा अनुसंधान के लिए झालावाड़ मेडिकल कॉलेज को समर्पित किया गया। मेडिकल कॉलेज के प्रभारी चिकित्सा मनोज शर्मा ने इस पुनीत कार्य के लिए बिजावत परिवार का आभार व्यक्त किया और दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उपस्थित जनसमुदाय ने 'देहदानी सागरमल बिजावत अमर रहें' के गगनभेदी नारों के साथ उन्हें भावपूर्ण अंतिम विदाई दी।
सागरमल बिजावत का देहदान केवल एक परिवार का निर्णय नहीं, बल्कि संपूर्ण समाज के लिए प्रेरणादायी संदेश बन गया है। जिस पार्थिव शरीर को मृत्यु के बाद पंचतत्व में विलीन होना था, वही अब भावी चिकित्सकों के अध्ययन और चिकित्सा अनुसंधान का माध्यम बनेगा तथा भविष्य में हजारों मरीजों की चिकित्सा सेवा में योगदान देगा।
पुत्र संजय बिजावत ने पिता के देहदान के संकल्प को पूरा कर यह संदेश दिया कि सच्चे संस्कार वही हैं, जो सेवा के रूप में पीढ़ी दर पीढ़ी आगे बढ़ते हैं। सागरमल बिजावत का जीवन सेवा की मिसाल रहा और मृत्यु के बाद देहदान के माध्यम से उनका पार्थिव शरीर भी मानवता की सेवा में समर्पित हो गया।