सत्यनारायण मंदिर में अन्नकूट महोत्सव के अवसर पर सजाई गई छप्पन भोग की सजावट।

झालावाड़ के सत्यनारायण मंदिर में अन्नकूट महोत्सव और दीपावली मिलन समारोह श्रद्धा एवं उल्लास के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर मंदिर में छप्पन भोग की आकर्षक झांकी सजाई गई, जिसके दर्शन के लिए हजारों श्रद्धालु उमड़े। समाज बंधुओं के साथ अन्य समाजों की माता-बहनों और पुरुषों ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया और प्रसादी ग्रहण की।

अग्रवाल समाज झालावाड़ के अध्यक्ष पुखराज जैन और सचिव संदीप खरीददार ने बताया कि सत्यनारायण मंदिर में अन्नकूट एवं दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान समाज बंधुओं ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। भजन-कीर्तन मंडली ने धार्मिक भजनों की प्रस्तुतियां दीं, जिन पर महिलाओं और पुरुषों ने नाच-गाकर आनंद लिया।

अग्रवाल समाज के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. सुरेन्द्र गर्ग और सलाहकार महेंद्र कुमार अग्रवाल ने जानकारी दी कि अन्नकूट महोत्सव के लिए समाज बंधुओं ने अपने-अपने घरों से विभिन्न प्रकार की मिठाइयां और अन्य व्यंजन तैयार कर भेजे थे। इन सभी व्यंजनों को मंदिर परिसर में आकर्षक झांकी के रूप में सजाया गया। छप्पन भोग में शामिल विभिन्न व्यंजनों के दर्शन के लिए समाज बंधुओं के साथ अन्य समाजों की हजारों माता-बहनों और पुरुषों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। श्रद्धालुओं ने छप्पन भोग के दर्शन कर आनंद लिया और प्रसादी ग्रहण की।

कार्यक्रम के आयोजन में अग्रवाल महिला मंडल और अग्रवाल युवक मंडल ने सहयोग किया। इस अवसर पर यशवन्त सिंघल, अनील अग्रवाल, महेंद्र गोयल, मनीष तोदी, पुरुषोत्तम, कमल खरीददार, रजत कोटवाले, राजेश, बजरंग, अक्षत, संजय, शुभम, गगन, निखिल और अंकुश सहित समाज के अन्य बंधुओं ने अपनी भागीदारी निभाई और आयोजन में सहयोग प्रदान किया। सत्यनारायण मंदिर में आयोजित अन्नकूट महोत्सव में धार्मिक भजनों, छप्पन भोग के दर्शन और दीपावली मिलन के माध्यम से समाज की सामूहिक सहभागिता देखने को मिली।

Tags: