झालावाड़ के सेमलीखाम में अनूठी दीपावली, पौधों के बीच दीप जलाकर लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
झालावाड़ की सेमलीखाम पंचायत में ग्रामीणों ने पौधों के पास दीप जलाकर और रंगोली बनाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
ग्रामीण झालावाड़ की सेमलीखाम पंचायत में पौधों के पास दीप जलाते हुए दिख रहे हैं।
झालावाड़ जिले की ग्राम पंचायत सेमलीखाम में दीपावली का पर्व पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ मनाया गया। यहां घरों और प्रतिष्ठानों के साथ पौधों को भी दीपों से रोशन किया गया। राजस्थान पंचायत राज मंत्रालयिक कर्मचारी संगठन के अध्यक्ष शिवम् पाटीदार की पहल ‘एक दीपक प्रकृति के नाम’ के तहत इस वर्ष भी ग्रामीणों ने पौधों के बीच दीप प्रज्वलित कर प्रकृति संरक्षण का संकल्प लिया।
हर वर्ष की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए शिवम् पाटीदार ने ग्रामवासियों के साथ मिलकर पौधों के बीच दीप जलाए और पर्यावरण संरक्षण तथा हरियाली बचाने का संदेश दिया। इस दौरान ग्राम सरपंच भेरी बाई भील ने गांव की महिलाओं के साथ पौधों के आसपास आकर्षक रंगोलियां बनाई और उन्हें रंगोली से सजाया।
कार्यक्रम में सरपंच भेरी बाई भील, सरपंच प्रतिनिधि बीरम भील, वार्ड पंच नरेंद्र सिंह, वार्ड पंच गजेंद्र सिंह, वार्ड पंच गुड्डी बाई, वार्ड पंच प्रतिनिधि श्याम सिंह, बाबा रामदेव समिति सेमलीखाम के सदस्य, सहायक सचिव भेरू भील और पंचायत साथी लखन सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
इस अवसर पर सरपंच, वार्ड पंचों और शिवम् पाटीदार ने पौधों की पूजा-अर्चना कर आरती की। ग्रामीणों ने भी दीपक से आरती उतारी और प्रत्येक पौधे के समीप दीप प्रज्वलित किया। दीपावली के उत्सव के दौरान पौधों के साथ फूलझड़ियां जलाकर भी खुशियां मनाई गईं।
कार्यक्रम में शिवम् पाटीदार ने उपस्थित ग्रामीणों को दीपक को साक्षी मानकर पौधों की रक्षा करने, नियमित देखभाल करने और उन्हें संरक्षित रखने की प्रतिज्ञा दिलाई। उन्होंने प्रकृति और पर्यावरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पेड़-पौधे केवल हरियाली का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन का आधार हैं। उनकी सुरक्षा करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
पाटीदार ने बताया कि उनकी पहल का उद्देश्य केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि पौधों को परिवार के सदस्य की तरह मानकर उनकी नियमित देखभाल करना भी है। इसी विचार के साथ गांव में रक्षाबंधन पर पौधों को राखी बांधने, तिरंगा ध्वजारोहण, हरियाली अमावस्या और अन्य पर्व भी पौधों के साथ मनाए जाते हैं। इसके माध्यम से प्रत्येक त्योहार को पर्यावरण संरक्षण के संदेश से जोड़कर जन-जन तक प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी पहुंचाने का प्रयास किया जाता है।
कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के साथ देश के वीर शहीदों के बलिदान को भी याद किया गया। इस दौरान ‘एक दीपक शहीदों के नाम’ प्रज्वलित कर वीर शहीदों को नमन किया गया।
कार्यक्रम के अंत में शिवम् पाटीदार ने सभी ग्रामवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दीपावली पर एक दीपक अपने घर के लिए, एक दीपक प्रकृति के लिए और एक दीपक देश के वीर शहीदों के सम्मान में अवश्य जलाना चाहिए। उन्होंने ग्रामीणों से त्योहारों को पर्यावरण के साथ जोड़कर मनाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित एवं स्वच्छ गांव बनाने में योगदान देने की अपील की।