चौमहला में ज्ञापन सौंपने के दौरान हाथ उठाकर नारेबाजी करते आम नागरिक समिति के सदस्य दिखाई दे रहे हैं।

झालावाड़ जिले के चौमहला में 7 वर्षीय मासूम बालिका के साथ हुए जघन्य दुष्कर्म और हत्या की घटना को लेकर आम नागरिकों में आक्रोश है। मामले में दोषियों के खिलाफ त्वरित एवं कठोरतम कार्रवाई की मांग को लेकर आम नागरिक समिति चौमहला के नेतृत्व में राष्ट्रपति के नाम उपखंड अधिकारी गंगधार को ज्ञापन सौंपा गया।

आम नागरिक समिति चौमहला, झालावाड़ के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बालिका के साथ हुई इस जघन्य वारदात के आरोपियों के खिलाफ शीघ्र कानूनी कार्रवाई करने और उन्हें कड़ी सजा दिलाने की मांग की गई। समिति संस्थापक अंशुल पटेल ने बताया कि दोषियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया जाए तथा प्रकरण की सुनवाई फास्टट्रैक कोर्ट में प्रतिदिन के आधार पर कराई जाए, ताकि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिल सके।

ज्ञापन में पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता एवं उचित मुआवजा देने की मांग भी उठाई गई। इसके साथ ही क्षेत्र में बालिकाओं की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने, महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस गश्त बढ़ाने तथा संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की गई।

समिति ने चेतावनी दी कि यदि मामले में शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं की गई और दोषियों को कठोर सजा नहीं मिली तो समस्त आम नागरिकों की ओर से उग्र आंदोलन किया जाएगा। समिति ने इस स्थिति की संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होने की बात कही।

इस दौरान आम नागरिक समिति के संस्थापक अंशुल पटेल, उपसरपंच राहुल तिवारी, प्रकाश विश्वकर्मा, समरथ गुप्ता, महेश नायक, मुकेश शर्मा, सिराज खान, राजेंद्र पासी, गर्व टेलर, पंकज शर्मा, अभय बैरागी, संजय मेहर, गोविंद मेहर, चंदन बैरागी, अजीजुद्दीन, राहुल मेहर, सुनील नाथ सहित सैकड़ों की संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे।

Tags: