झालरापाटन: चंद्रभागा मेले की अवधि 31 जनवरी तक बढ़ाने की उठी मांग
नगर कांग्रेस ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, किसानों, ग्रामीणों और छोटे व्यापारियों के हित में मेले को 60 दिन आयोजित करने का अनुरोध।
झालरापाटन में चंद्रभागा मेले की अवधि 31 जनवरी तक बढ़ाने के लिए एसडीएम को ज्ञापन सौंपते कांग्रेस नेता।
झालरापाटन (झालावाड़)। झालरापाटन के ऐतिहासिक चंद्रभागा कार्तिक मेले की अवधि बढ़ाने की मांग को लेकर नगर कांग्रेस कमेटी सहित कांग्रेस पार्षदों ने प्रशासन के समक्ष आवाज उठाई है। गुरुवार को नगर कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने उपखंड अधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपकर मेले की अवधि आगामी 31 जनवरी तक बढ़ाने और इसे कुल 60 दिन करने की मांग की।
नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद अम्बेश मीणा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में क्षेत्र के किसानों, ग्रामीणों और छोटे व्यापारियों के हितों का हवाला देते हुए मेले की अवधि बढ़ाने की आवश्यकता बताई गई। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि चंद्रभागा कार्तिक मेला झालरापाटन क्षेत्र की धार्मिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इससे झालरापाटन सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों लोगों की आजीविका और आर्थिक गतिविधियां सीधे जुड़ी हुई हैं।
नगर कांग्रेस कमेटी ने बताया कि मेले में ग्रामीण और किसान परिवार बड़ी संख्या में खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। यहां उन्हें गर्म कपड़े, ऊनी वस्त्र, रजाई और दैनिक उपयोग की अन्य आवश्यक वस्तुएं उचित दरों पर उपलब्ध होती हैं। ऐसे में मेले की अवधि बढ़ने से ग्रामीण और किसान परिवारों को खरीदारी के लिए पर्याप्त समय मिल सकेगा।
ज्ञापन में दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले व्यापारियों की आर्थिक परेशानियों की ओर भी प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया। कांग्रेस कमेटी के अनुसार, व्यापारियों को दुकान का भारी किराया और अन्य खर्च वहन करने पड़ते हैं, लेकिन मेले की वर्तमान अवधि सीमित होने के कारण उन्हें पर्याप्त बिक्री नहीं मिल पाती। ऐसी स्थिति में कई व्यापारियों के लिए दुकान का किराया और अपनी लागत निकालना भी मुश्किल हो जाता है। इसका सीधा असर स्थानीय दुकानदारों और छोटे व्यापारियों के कारोबार पर पड़ रहा है।
नगर कांग्रेस कमेटी ने जनहित, किसान हित और व्यापारिक हितों को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन से मांग की कि ऐतिहासिक चंद्रभागा कार्तिक मेले की अवधि बढ़ाकर आगामी 31 जनवरी तक की जाए, ताकि मेला पूरे दो माह यानी 60 दिन तक आयोजित हो सके। कमेटी का कहना है कि इससे ग्रामीण और किसान परिवारों को सस्ती दरों पर आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी का पर्याप्त अवसर मिलेगा। साथ ही स्थानीय दुकानदारों, छोटे व्यापारियों और बाहर से आने वाले दुकानदारों को आर्थिक राहत मिलेगी तथा क्षेत्र की स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अंबेश मीणा, अल्पसंख्यक विभाग जिला महामंत्री तोसिफ गौरी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष इम्तियाज हुसैन, पार्षद रिजवान अहमद, विजय राठौर, दिनेश गुर्जर, रेनू राठौर, शिरीन, हेमलता शर्मा, हसन राजा, अब्दुल वाजिद, पूर्व पार्षद इरफान अहमद, मोहम्मद खालिद, मोहम्मद कासिम भट्टी सहित नगर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी उपस्थित रहे।