झालावाड़ के गांधी भवन में पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर आयोजित गोष्ठी के दौरान श्रद्धांजलि अर्पित करते जिला कांग्रेस कार्यकर्ता।   

झालावाड़। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर 14 नवम्बर को जिला कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर आयोजित गोष्ठी में कार्यकर्ताओं ने नेहरू के जीवन, स्वतंत्रता आंदोलन में उनकी भूमिका और देश के विकास में उनके योगदान को याद किया।

गोष्ठी को संबोधित करते हुए पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष रघुराज सिंह हाड़ा ने कहा कि भारत की आजादी के लिए पंडित जवाहरलाल नेहरू ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और इस दौरान उन्हें कई बार जेल भी जाना पड़ा। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद नेहरू के नेतृत्व में देश में बड़े-बड़े उद्योगों, तकनीकी संस्थाओं, नदियों पर बांधों और बुनियादी ढांचे सहित कई संस्थाओं की स्थापना की गई।

रघुराज सिंह हाड़ा ने कहा कि पंडित नेहरू को आधुनिक भारत का निर्माता भी कहा जाता है। उन्होंने गुटनिरपेक्ष आंदोलन की नींव रखी और किसानों के विकास के लिए कई योजनाएं लागू कीं।

कार्यक्रम में सेवादल अध्यक्ष डॉ. नन्दसिंह राठौड़, उप सभापति फारूख अहमद, प्रवक्ता ओम पाठक, नफीस शेख, गोपाललाल मेघवाल, बृजमोहन यादव, भगवती प्रकाश मेहर, विजय सिंह और रईस अहमद सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी पंडित जवाहरलाल नेहरू के जीवन और उनके योगदान पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नेहरू के स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान और आजादी के बाद देश के औद्योगिक, तकनीकी एवं बुनियादी विकास के लिए किए गए कार्यों को याद किया।

Tags: