राजस्थान में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीकर पुलिस ने एमडीएमए तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 98.40 ग्राम अवैध एमडीएमए बरामद किया है। पुलिस ने 4 किलो अफीम तस्करी के पुराने मामले में वांछित और करीब एक साल से नेपाल में फरार चल रहे 2,000 रुपये के इनामी आरोपी हरिराम को गिरफ्तार किया है। एमडीएमए के खिलाफ इसे अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई बताया गया है।

जयपुर रेंज महानिरीक्षक पुलिस राहुल प्रकाश के निर्देशन और सीकर पुलिस अधीक्षक संजीव नैन के निकटतम पर्यवेक्षण में कोतवाली थाना पुलिस और जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरिराम पुत्र पालचंद जाट (35) निवासी बाठोद, सदर फतेहपुर के रूप में हुई है। आरोपी सदर सीकर थाने में दर्ज 4 किलोग्राम अफीम तस्करी के पुराने एनडीपीएस प्रकरण में वांछित था और करीब एक साल से नेपाल में फरारी काट रहा था।

पुलिस अधीक्षक संजीव नैन ने बताया कि शनिवार, 31 अक्टूबर को डीएसटी टीम के कांस्टेबल विजयपाल भाटी को गोपनीय सूचना मिली थी कि सदर सीकर थाने के पुराने एनडीपीएस प्रकरण में वांछित और 2,000 रुपये का इनामी अपराधी हरिराम बाठोद अपनी क्षतिग्रस्त कार को टोचन करवाकर सीकर शहर में मरम्मत कराने ला रहा है।

सूचना मिलते ही कोतवाली थानाधिकारी सुनील कुमार और डीएसटी प्रभारी उप निरीक्षक वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में संयुक्त पुलिस टीम तत्काल सालासर रोड पहुंची। इस दौरान आरोपी बीकानेर-जयपुर बाईपास पर अपनी क्षतिग्रस्त कार सड़क किनारे छोड़कर पुलिस से बचने के लिए एक्सीलेंस कॉलेज के पास पैदल आ रहा था। पुलिस टीम ने सतर्कता बरतते हुए उसे घेर लिया और मौके पर ही डिटेन कर लिया।

पुलिस ने संदेह के आधार पर आरोपी की तलाशी ली तो उसके पास से 98.40 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडीएमए बरामद हुआ। इसके बाद एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

मामले का अग्रिम अनुसंधान सीकर के उद्योग नगर थानाधिकारी द्वारा किया जा रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई में 4 किलो अफीम तस्करी के पुराने मामले में लंबे समय से फरार चल रहे इनामी आरोपी की गिरफ्तारी के साथ एमडीएमए की बड़ी खेप भी बरामद हुई है।

Tags: