जयपुर में भाजपा के सोशल मीडिया संगठन को लेकर 2 और 3 नवंबर को होने वाली बैठकों में डिजिटल प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग और आगामी कार्ययोजना पर मंथन होगा। भाजपा सोशल मीडिया विभाग के राष्ट्रीय संयोजक दीपक म्हस्के दो दिवसीय प्रवास पर जयपुर आएंगे। इस दौरान वे प्रदेश, संभाग और जिला स्तर के सोशल मीडिया पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक बैठकें करेंगे।

भाजपा राजस्थान सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश संयोजक हीरेंद्र कौशिक ने बताया कि दीपक म्हस्के 2 एवं 3 नवंबर को जयपुर प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान आयोजित बैठकों में विभाग की संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की जाएगी। साथ ही डिजिटल प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग तथा सोशल मीडिया के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श होगा।

कौशिक ने बताया कि सोमवार को शाम 6:30 बजे सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के साथ चाय पर संवाद एवं विचार-विमर्श का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में डिजिटल संचार, कंटेंट निर्माण, नवीन तकनीक और सोशल मीडिया की बदलती भूमिका जैसे विषयों पर चर्चा होगी।

दीपक म्हस्के के इस दो दिवसीय प्रवास के दौरान संगठनात्मक बैठकों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के साथ संवाद के जरिए भाजपा के डिजिटल संचार तंत्र, संगठनात्मक गतिविधियों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा होगी।

Tags: