जयपुर के सिंधियत जो शाही मेला 2026 समापन समारोह में मंच के सामने खड़े अतिथि दिख रहे हैं।

जयपुर में चेटीचंड सिंधी मेला समिति की ओर से आयोजित ‘सिंधियत जो शाही मेला-2026’ का समापन समारोह खासा कोठी स्थित होटल माया कॉन्टिनेंटल में आयोजित हुआ। समारोह में संतों के सान्निध्य में सिंधी समाज की प्रतिभाओं, समाजसेवियों, कार्यकर्ताओं और पत्रकारों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही चेटीचंड शोभायात्रा में शामिल श्रेष्ठ झांकियों को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ श्री अमरापुर दरबार के पूज्य संत मोहन प्रकाश महाराज, साईं मुकेश साध, साईं मुरली उदासी और साध्वी तरुणा दीदी सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने ज्योति प्रज्वलित कर किया।

समिति अध्यक्ष नरेंद्र मूलचंदानी ने बताया कि समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया। सिंधी सपूत सम्मान साईं मुरली उदासी, सिंधु गौरव सम्मान गंगाराम पुरुस्वानी, सिंधु संस्कृति रत्न सम्मान हरीश असरानी, सिंधु कर्मवीर सम्मान कपिल पंजवानी, सर्वश्रेष्ठ कार्यकर्ता सम्मान दीपक वरंदानी, कर्मठ कार्यकर्ता सम्मान विजय वाधवानी, सर्वश्रेष्ठ सिंधी पत्रकारिता सम्मान दिलीप पारवानी और सिंधु सचेतक सम्मान किशन गुरबाणी को प्रदान किया गया।

प्रवक्ता तुलसी संगतानी ने बताया कि सम्मान समारोह का उद्देश्य सिंधी समाज की सेवा, सांस्कृतिक प्रतिबद्धता और रचनात्मक प्रयासों के माध्यम से समाज की पहचान को सशक्त बनाने वाले व्यक्तित्वों के योगदान को पहचान देना था। ऐसे आयोजनों से समाजसेवियों का उत्साह बढ़ने के साथ नई पीढ़ी को भी अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं से जुड़कर समाजहित में कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।

समारोह में सुप्रसिद्ध सिंधी गायक मनोज मामनानी ने सिंधी संगीत की प्रस्तुति दी। उन्होंने ‘आंधीय में ज्योत जगायण वारा सिंधी ऐं खाक खे सोन बणायण वारा सिंधी.....’ गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम का माहौल खुशनुमा बना दिया।

महासचिव प्रमोद नावानी ने बताया कि कार्यक्रम में पंचायतों के मुखियाओं, भामाशाहों और कार्यकर्ताओं को स्मृति-चिह्न, लैपटॉप बैग और मिठाई भेंट कर सम्मानित किया गया।

चेटीचंड शोभायात्रा में शामिल झांकियों को भी दो श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए गए। रमेश हरपलानी ने बताया कि सजीव झांकी श्रेणी में प्रथम पुरस्कार के रूप में सोने का सिक्का, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 10 ग्राम चांदी का सिक्का और तृतीय पुरस्कार के रूप में 5 ग्राम चांदी का सिक्का दिया गया। वहीं, कलात्मक झांकी श्रेणी में प्रथम पुरस्कार 10 ग्राम चांदी का सिक्का तथा द्वितीय और तृतीय पुरस्कार के रूप में 5-5 ग्राम चांदी के सिक्के प्रदान किए गए। ये सभी पुरस्कार कुंदन पठानी (रौनक फैशन) की ओर से दिए गए।

समिति के कोषाध्यक्ष दीपक वरंदानी ने वर्ष 2026 के आयोजन का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने आयोजन से संबंधित वित्तीय लेखा-जोखा रखते हुए आय और व्यय का विस्तृत ब्यौरा दिया।

समारोह में सेंट्रल पंचायत अध्यक्ष गिरधारी मनकानी, नारायणदास नाजवानी, पूर्व अध्यक्ष चंदीराम राघानी, मोहन वाधवानी, तुलसी त्रिलोकानी, हीरालाल तोलानी, राजन सरदार, पूर्व विधायक ज्ञानदेव आहूजा, पार्षद अशोक रावतानी, घनश्याम चंदलानी, पूजा मनसुखानी, पूर्व पार्षद महेश कलवानी, मुकेश लख्यानी, जितेंद्र लखवानी, कमलेश आसुदानी, कमल वंजानी, मीना मूलचंदानी, ज्योति बागवानी, प्रिया ज्ञानानी, शोभा बसंतानी और भारती जानयानी सहित मातृशक्ति, समाज के भामाशाह एवं अनेक गणमान्य समाजजन उपस्थित रहे। अर्जुन मेहरचंदानी ने उपस्थित अतिथियों की जानकारी दी।

‘सिंधियत जो शाही मेला-2026’ का समापन सिंधी समाज की प्रतिभाओं, समाजसेवियों और सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़े लोगों के सम्मान के साथ हुआ। समारोह में सामाजिक योगदान की सराहना के साथ चेटीचंड शोभायात्रा की श्रेष्ठ झांकियों को भी पुरस्कृत किया गया।

Tags: