दिवाली कप शतरंज प्रतियोगिता का उपमहापौर सरोज कंवर ने किया उद्घाटन, 25 हजार के पुरस्कार दांव पर
जयपुर की उपमहापौर सरोज कंवर ने प्रथम चाल चलकर टूर्नामेंट का शुभारंभ किया, विजेताओं को 25,000 रुपये नकद और 59 ट्रॉफियां दी जाएंगी।
जयपुर जिला कप शतरंज प्रतियोगिता के दौरान विजेता को सम्मानित करते लोग।
जयपुर में दिवाली कप सीनियर एवं अंडर-12 रैपिड ओपन शतरंज प्रतियोगिता-2026 का आयोजन रविवार, 1 नवंबर को वैशाली नगर स्थित ऑक्सफोर्ड इंटरनेशनल एकेडमी में किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन जयपुर की उपमहापौर श्रीमती सरोज कंवर ने प्रथम चाल चलकर किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ी अभिवादन भादुका के साथ शतरंज की बाजी खेलकर टूर्नामेंट का विधिवत शुभारंभ किया।
टूर्नामेंट कोऑर्डिनेटर जिनेश कुमार जैन ने बताया कि उद्घाटन समारोह में उपमहापौर सरोज कंवर ने शतरंज के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह केवल एक खेल नहीं, बल्कि बुद्धि, धैर्य, एकाग्रता और रणनीतिक सोच विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे आयोजन बच्चों एवं युवाओं की प्रतिभा को निखारने के साथ उन्हें सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं।
उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेलों में भागीदारी से आत्मविश्वास बढ़ता है और बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है। उपमहापौर ने आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी और भविष्य में भी इस तरह की प्रतियोगिताएं आयोजित करते रहने की शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता का आयोजन जयपुर चेस अकैडमी की ओर से किया गया। इसे जयपुर डिस्ट्रिक्ट चेस एसोसिएशन (JDCA) से मान्यता प्राप्त है। आयोजन में वाणी चेस क्लब एवं जयपुर चेस क्लब का सहयोग रहा।
जयपुर जिला शतरंज संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष विक्रम सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में सीनियर ओपन एवं अंडर-12 वर्ग के खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर अपनी शतरंज प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के विजेताओं को कुल 25,000 रुपये की नकद पुरस्कार राशि और 59 ट्रॉफियां प्रदान की जाएंगी। इसके साथ ही सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र भी दिए जाएंगे।
प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं में शतरंज के प्रति रुचि बढ़ाना और उन्हें खेल के माध्यम से आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है। सीनियर ओपन एवं अंडर-12 वर्ग में आयोजित यह प्रतियोगिता युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करने के साथ जयपुर में शतरंज गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में आयोजित की गई।
आयोजन के टूर्नामेंट कोऑर्डिनेटर जिनेश कुमार जैन ने संपर्क के लिए मोबाइल नंबर 9887977479 जारी किया।