त्योहारी सीजन में ट्रेनों में बढ़ते यात्रीभार के बीच रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए खातीपुरा (जयपुर)-रंगिया-खातीपुरा के मध्य एक ट्रिप स्पेशल रेलसेवा संचालित करने का निर्णय लिया है। इस विशेष ट्रेन के संचालन से राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल एवं असम के यात्रियों को अतिरिक्त आवागमन का विकल्प मिलेगा। साथ ही त्योहारी सीजन में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को कम करने में सहायता मिलेगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार गाड़ी संख्या 09731 खातीपुरा-रंगिया स्पेशल रेलसेवा 14 नवंबर 2026 (शनिवार) को खातीपुरा से सुबह 07.40 बजे रवाना होगी और रविवार को रात 23.00 बजे रंगिया पहुंचेगी।

इसी क्रम में गाड़ी संख्या 09732 रंगिया-खातीपुरा स्पेशल रेलसेवा 16 नवंबर 2026 (सोमवार) को रंगिया से सुबह 06.00 बजे प्रस्थान करेगी और मंगलवार को रात 23.40 बजे खातीपुरा पहुंचेगी।

रेलवे के अनुसार इस स्पेशल रेलसेवा को निर्धारित मार्ग पर दौसा, बांदीकुई, भरतपुर, अछनेरा, ईदगाह आगरा, टूंडला, गोविंदपुरी, सूबेदारगंज, मिर्जापुर होते हुए पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा, दानापुर, पटना, बख्तियारपुर, मोकामा, न्यू बरौनी, बेगूसराय, खगड़िया, मानसी, नवगछिया, कटिहार, बारसोई, किशनगंज, न्यू जलपाईगुड़ी, न्यू कूचबिहार, न्यू अलीपुरद्वार, कोकराझार, न्यू बंगाईगांव एवं बरपेटा रोड स्टेशनों पर ठहराव दिया जाएगा।

कुल 20 एलएचबी कोच वाली इस स्पेशल ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए 02 सेकंड एसी, 06 थर्ड एसी, 06 द्वितीय शयनयान श्रेणी, 04 साधारण श्रेणी तथा 02 पावरकार कोच लगाए जाएंगे।

त्योहारी सीजन में राजस्थान से पूर्वोत्तर भारत तक यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए यह एक ट्रिप स्पेशल रेलसेवा अतिरिक्त आवागमन का विकल्प उपलब्ध कराएगी। रेलवे की इस व्यवस्था से पांच राज्यों के प्रमुख शहरों और स्टेशनों के बीच यात्रियों को विशेष सुविधा मिलेगी।

Tags: