स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26: जयपुर को मिला 'स्टेट फर्स्ट ऑफ स्वच्छ सिटी अवॉर्ड'
नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने जयपुर नगर निगम को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया।
जयपुर ने स्वच्छता के क्षेत्र में राजस्थान में प्रथम स्थान हासिल कर एक बार फिर अपनी उपलब्धि दर्ज कराई है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जयपुर नगर निगम को 'स्टेट फर्स्ट ऑफ स्वच्छ सिटी अवॉर्ड' से सम्मानित किया गया। नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में 11 नवम्बर 2026 को आयोजित राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह में भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने जयपुर को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया।
समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल तथा केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू की गरिमामयी उपस्थिति रही। जयपुर नगर निगम की ओर से नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन मंत्री श्री झाबर सिंह खर्रा, महापौर श्री सुनील कोठारी, सचिव श्री रवि जैन और नगर निगम आयुक्त श्री ओम कसेरा ने राष्ट्रपति से पुरस्कार ग्रहण किया।
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में राजस्थान में पहला स्थान हासिल करना जयपुर नगर निगम की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में किए गए निरंतर प्रयासों का परिणाम माना गया है। ठोस कचरा प्रबंधन को सुदृढ़ करने, नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने और स्वच्छता अभियान में नागरिकों की सहभागिता बढ़ाने के लिए किए गए प्रयासों ने इस उपलब्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
नगर निगम प्रशासन ने इस सम्मान का श्रेय जयपुर के समस्त सफाई मित्रों, निगम अधिकारियों एवं कर्मचारियों और आम नागरिकों को दिया। प्रशासन का कहना है कि यह सम्मान किसी एक विभाग या व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे जयपुर शहर के सामूहिक प्रयासों, समर्पण और स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
नगर निगम ने इस उपलब्धि को आगे बढ़ाते हुए जयपुर को स्वच्छ, सुंदर, स्वस्थ एवं व्यवस्थित शहर बनाने के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया है। इसके साथ ही नागरिकों की सक्रिय सहभागिता से स्वच्छता अभियान को जनआंदोलन के रूप में और अधिक सशक्त बनाने पर जोर दिया गया है। राजस्थान में प्रथम स्थान के साथ मिला यह राष्ट्रीय सम्मान जयपुर की स्वच्छता व्यवस्था और सामूहिक नागरिक सहभागिता के प्रयासों को नई पहचान देता है।