जयपुर अमरापुर स्थान में कार्तिक महोत्सव शुरू, फिल्म का पोस्टर जारी
महोत्सव में कथा, सत्संग और प्रभात फेरी का आयोजन, 'युगपुरुष सतगुरु टेऊँराम पार्ट-2' का पोस्टर विमोचन
जयपुर के अमरापुर स्थान में फिल्म का पोस्टर जारी करते संत स्वामी भगत प्रकाश जी महाराज।
जयपुर। जयपुर के आस्था और भक्ति के प्रमुख केंद्र श्री अमरापुर स्थान में बुधवार, 11 नवंबर को चंद्र दर्शन के पावन अवसर पर कार्तिक महोत्सव का शुभारंभ हुआ। 24 नवंबर तक चलने वाले इस महोत्सव में धार्मिक अनुष्ठानों, संत-महात्माओं के भजन-सत्संग, कार्तिक महात्म्य की कथा और हरिनाम संकीर्तन के माध्यम से श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होंगे। इसी अवसर पर सिंधी आध्यात्मिक फिल्म 'युगपुरुष सतगुरु टेऊँराम पार्ट-2' के पोस्टर का भी भव्य विमोचन किया गया।
कार्तिक महोत्सव के शुभारंभ पर श्री प्रेम प्रकाश ग्रंथ, गीता जी और कार्तिक महात्म्य की कथा का वाचन शुरू हुआ। संत-महात्माओं ने कार्तिक माह की धार्मिक विशेषताओं का वर्णन करते हुए बताया कि इस माह में नाम जप, दान-पुण्य और स्नान का विशेष महत्व है। पूज्य गुरुदेव हजारा हजूर सतगुरु स्वामी भगत प्रकाश जी महाराज की अमोलक वाणी के माध्यम से सुबह 8 बजे से श्रद्धालुओं ने भक्ति रस का आनंद लिया।
संत-महात्माओं ने बताया कि 11 नवंबर बुधवार से 24 नवंबर मंगलवार तक श्री अमरापुर स्थान में नित्य नियम प्रार्थना, संत-महात्माओं के भजन-सत्संग और कार्तिक महात्म्य की कथा का नियमित आयोजन होगा। गुरुवार, 12 नवंबर से प्रतिदिन सुबह 6 से 7 बजे तक श्री अमरापुर स्थान परिसर में हरिनाम संकीर्तन के साथ प्रभात फेरी निकाली जाएगी।
महोत्सव के अंतर्गत रविवार, 15 नवंबर को आचार्य श्री सद्गुरु स्वामी टेऊँराम जी महाराज का मासिक जन्मोत्सव चौथ पर्व श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। वहीं, मंगलवार, 17 नवंबर को गौपाष्टमी पर्व का आयोजन सद्गुरु टेऊँराम गौशाला, मानसरोवर में किया जाएगा।
इस अवसर पर अनंत विभूषित प्रेम प्रकाश संप्रदायाचार्य आचार्य सद्गुरु स्वामी टेऊँराम जी महाराज के जीवन पर आधारित प्रेरणादायक सिंधी फिल्म 'युगपुरुष सतगुरु टेऊँराम पार्ट-2' के पोस्टर का विमोचन हजारा हजूर पूज्य गुरुवर सतगुरु स्वामी भगत प्रकाश जी महाराज एवं संत मंडली ने किया। राघानी प्रोडक्शन के निर्माता-निर्देशक गोपाल राघानी ने गुरु महाराज का आशीर्वाद लेकर पोस्टर विमोचन करवाया। गुरु महाराज ने फिल्म की अपार सफलता के लिए गोपाल राघानी को आशीर्वाद दिया।
पूज्य संत स्वामी मोहन प्रकाश जी महाराज ने बताया कि फिल्म का दूसरा भाग जल्द ही प्रेमियों के लिए सिनेमाघरों में प्रदर्शित किया जाएगा। उन्होंने फिल्म के माध्यम से आचार्य श्री के जीवन वृत्तांत को सुंदर रूप में प्रस्तुत किए जाने की जानकारी दी।
उल्लेखनीय है कि लगभग तीन वर्ष पूर्व 'युगपुरुष सतगुरु स्वामी टेऊँराम' फिल्म के प्रथम भाग का प्रीमियर शो जयपुर के ऐतिहासिक राजमंदिर सिनेमा में आयोजित किया गया था। फिल्म जगत के इतिहास में इस सिंधी फिल्म का गोलछा, राजमंदिर सिनेमा और जेम सिनेमा हॉल में लगभग 100 दिनों तक लगातार सफल प्रदर्शन हुआ। इसके सभी शो हाउसफुल रहे। जयपुर के अलावा अहमदाबाद, कोटा, कानपुर, इंदौर, अलवर, जोधपुर, अजमेर, मुंबई, चेन्नई और दिल्ली सहित विभिन्न महानगरों में भी फिल्म प्रदर्शित की गई, जहां सभी शो हाउसफुल रहे और फिल्म को अपार सफलता मिली।
श्री अमरापुर स्थान में 24 नवंबर तक आयोजित होने वाला कार्तिक महोत्सव धार्मिक आयोजनों, प्रभात फेरी और सत्संग के साथ श्रद्धालुओं के लिए विशेष आध्यात्मिक कार्यक्रम रहेगा। वहीं, 'युगपुरुष सतगुरु टेऊँराम पार्ट-2' के पोस्टर विमोचन से फिल्म के आगामी प्रदर्शन को लेकर प्रेमियों में उत्सुकता बढ़ी है।