नई दिल्ली के विज्ञान भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु जयपुर को स्वच्छता पुरस्कार प्रदान करती हुई।

जयपुर। स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में जयपुर ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उपलब्धि दर्ज कराते हुए ‘स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी अवॉर्ड’ हासिल किया है। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने जयपुर को यह राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया। इस उपलब्धि को राजस्थान के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन विभाग के मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने इसे प्रदेशवासियों, स्वच्छताकर्मियों और नगर निगम की सामूहिक मेहनत तथा जनसहयोग का परिणाम बताया।

सम्मान समारोह में जयपुर के महापौर सुनील कोठारी और नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा भी उपस्थित रहे। राष्ट्रपति के कर-कमलों से प्राप्त इस सम्मान ने जयपुर की स्वच्छता व्यवस्था को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है।

मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि यह उपलब्धि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में प्रारंभ हुए स्वच्छ भारत मिशन के संकल्प और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार की ओर से किए जा रहे निरंतर प्रयासों का प्रतिफल है। जयपुर में स्वच्छता, बेहतर कचरा प्रबंधन, जल प्रबंधन और नागरिक सहभागिता को लेकर किए जा रहे प्रयासों को इस राष्ट्रीय सम्मान के माध्यम से पहचान मिली है।

उन्होंने यह सम्मान जयपुर की जनता को समर्पित करते हुए शहर के समस्त नागरिकों, स्वच्छता कर्मियों, नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और स्वच्छता अभियान से जुड़े प्रत्येक सहयोगी को बधाई दी। मंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि पूरी टीम की सामूहिक मेहनत, प्रतिबद्धता और जनसहयोग का परिणाम है।

झाबर सिंह खर्रा ने नागरिकों से स्वच्छता को केवल किसी विभाग या व्यवस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व और सामूहिक संस्कारों का प्रतिबिंब मानने की अपील की। उन्होंने कहा कि जयपुर की स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने, आधुनिक कचरा प्रबंधन को मजबूत करने तथा प्रत्येक वार्ड और मोहल्ले तक प्रभावी स्वच्छता व्यवस्था पहुंचाने के लिए सरकार निरंतर संकल्पबद्ध है।

मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय सम्मान से स्वच्छता के प्रयासों को नई ऊर्जा मिलने के साथ जिम्मेदारी भी बढ़ी है। सरकार का लक्ष्य स्वच्छ जयपुर, सुंदर जयपुर और विकसित राजस्थान है। उन्होंने नागरिकों से जनभागीदारी की भावना के साथ स्वच्छता को जीवनशैली बनाने और जयपुर को स्वच्छता के क्षेत्र में देश के अग्रणी शहरों में स्थापित करने के सामूहिक संकल्प का आह्वान किया।

Tags: