हाथोज धाम में दीपावली पर स्वामी बालमुकुंदाचार्य महाराज से आशीर्वाद लेने पहुंचे श्रद्धालु।

जयपुर। कालवाड़ स्थित श्री दक्षिणमुखी बालाजी महाराज मंदिर हाथोज धाम में दीपावली का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर हवामहल विधायक एवं हाथोज धाम पीठाधीश्वर स्वामी बालमुकुंदाचार्य महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से मां महालक्ष्मी, भगवान कुबेर, मां सरस्वती और भगवान गणेश का पूजन किया। उन्होंने पूजा-अर्चना के दौरान प्रदेश और देश में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की मंगलकामना की।

पूजन संपन्न होने के बाद भगवान की भव्य महाआरती की गई। दीपों की रोशनी से हाथोज धाम का मंदिर परिसर जगमगा उठा और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। दीपावली के पावन अवसर पर स्वामी बालमुकुंदाचार्य महाराज का आशीर्वाद लेने और धोक लगाने के लिए श्रद्धालुओं एवं शुभचिंतकों का दिनभर तांता लगा रहा।

बड़ी संख्या में श्रद्धालु हाथोज धाम पहुंचे और महाराज श्री से मुलाकात कर धोक-प्रणाम किया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। दिनभर मंदिर परिसर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा। महालक्ष्मी-कुबेर पूजन और भव्य महाआरती के साथ हाथोज धाम में दीपावली का दीपोत्सव धार्मिक उल्लास के बीच संपन्न हुआ।

Tags: