बारां में ऑपरेशन ‘वज्र प्रहार’ के तहत 3.76 करोड़ की संपत्ति फ्रीज करने के बाद पुलिस टीम।

जयपुर, 11 नवम्बर। राजस्थान में मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों के खिलाफ बारां पुलिस ने बड़ी आर्थिक कार्रवाई करते हुए तस्करी के नेटवर्क पर शिकंजा कस दिया है। ऑपरेशन ‘वज्र प्रहार’ के तहत पुलिस ने तस्कर अरविन्द मीणा निवासी भटगांव और उसके परिजनों के नाम पर अर्जित करीब 3.76 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्तियां फ्रीज करवाई हैं। वित्तीय अनुसंधान में वाहनों, भूखण्ड और विभिन्न बैंक खातों में करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेन-देन का खुलासा हुआ है।

पुलिस अधीक्षक बारां अभिषेक अंदासु ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन ‘वज्र प्रहार’ के तहत पुलिस थाना हरनावदाशाहजी ने यह कार्रवाई की है। अरविन्द मीणा के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ(1) के तहत कार्रवाई करते हुए तस्करी से अर्जित चल-अचल संपत्तियों का विस्तृत वित्तीय अनुसंधान किया गया। जांच में सामने आया कि अरविन्द मीणा ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से आय अर्जित कर अपने और परिजनों के नाम पर संपत्तियां खरीदी थीं।

पुलिस ने वित्तीय अनुसंधान के आधार पर प्रस्ताव तैयार कर सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक, सफेमा (FOP) एवं एनडीपीएस एक्ट, नई दिल्ली के समक्ष प्रस्तुत किया। सक्षम प्राधिकारी ने करीब 3.76 करोड़ रुपये की संपत्तियों को फ्रीज करने के आदेश की पुष्टि कर दी।

वित्तीय जांच में अरविन्द मीणा के साथ उसके भाई दीपक मीणा, पत्नी सुनीता बाई और साले लोकेश के नाम पर भी संपत्तियां अर्जित किए जाने की जानकारी सामने आई। इन संपत्तियों में एक बोलेरो जीप, तीन मोटरसाइकिल और पत्नी सुनीताबाई के नाम पर कस्बा हरनावदाशाहजी में स्थित 25×40 वर्गफीट का भूखण्ड शामिल है। इसके अलावा विभिन्न बैंक खातों में करोड़ों रुपये का संदिग्ध लेन-देन भी जांच के दायरे में आया है।

अरविन्द मीणा के खिलाफ दर्ज मादक पदार्थ तस्करी के मामले में 603 किलोग्राम डोडा-चूरा की वाणिज्यिक मात्रा जब्त की गई थी। इसी प्रकरण को आधार बनाकर पुलिस ने तस्करी नेटवर्क की आर्थिक गतिविधियों की गहन पड़ताल की। अनुसंधान में सामने आया कि अरविन्द मीणा ने बड़े मादक पदार्थ तस्कर गिरोहों के साथ सांठगांठ और षड्यंत्र कर अवैध कमाई की तथा उससे अपने और परिजनों के नाम पर संपत्तियां बनाई थीं।

जांच के दौरान अरविन्द मीणा के संपर्क और संलिप्तता जिन प्रमुख मादक पदार्थ तस्करों के साथ सामने आई, उनमें जोधपुर के पीपाड़ सिटी निवासी रिजवान खान, टोंक निवासी सलीम मियां, जोधपुर के बीसलपुर निवासी श्रवणराम, सवाई माधोपुर निवासी विजयकुमार और भीलवाड़ा के माण्डलगढ़ निवासी सुरेश गुर्जर शामिल हैं। पुलिस अनुसंधान के अनुसार, अरविन्द मीणा का तस्करी नेटवर्क राजस्थान के जोधपुर, टोंक, भीलवाड़ा, सवाई माधोपुर, सिरोही और झालावाड़ सहित छह जिलों तक फैला हुआ था। इन जिलों में सक्रिय बड़े तस्करों के साथ उसकी सांठगांठ भी जांच में उजागर हुई है।

बारां पुलिस मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। ऑपरेशन ‘वज्र प्रहार’ के तहत वर्ष 2026 में तस्करों की संपत्तियां फ्रीज करवाने की यह दसवीं कार्रवाई है। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से खड़े किए गए आर्थिक साम्राज्य पर चोट कर तस्करी नेटवर्क को कमजोर करना है।

इस कार्रवाई में पुलिस थाना हरनावदाशाहजी के थानाधिकारी भंवरसिंह आरपीएस, पुलिस अधीक्षक कार्यालय बारां के उपनिरीक्षक विमलेश मेहता एवं कांस्टेबल सर्वेश मेहता तथा पुलिस थाना हरनावदाशाहजी के कांस्टेबल गिरवर और जीतेन्द्र की विशेष भूमिका रही। करीब 3.76 करोड़ रुपये की संपत्तियों को फ्रीज किए जाने की यह कार्रवाई मादक पदार्थ तस्करी के आर्थिक नेटवर्क पर बारां पुलिस की वर्ष 2026 की दसवीं बड़ी कार्रवाई के रूप में सामने आई है।

Tags: