जयपुर: अमरापुर स्थान में कार्तिक महोत्सव शुरू, 56 भोग परंपरा की बताई महिमा
सतगुरु स्वामी भगत प्रकाश के सानिध्य में 24 नवंबर तक चलेंगे धार्मिक कार्यक्रम, प्रभात फेरी और कथा वाचन का आयोजन।
जयपुर के श्री अमरापुर स्थान में आयोजित कार्तिक महोत्सव के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की अलौकिक झांकी।
जयपुर। राजधानी जयपुर स्थित श्री अमरापुर स्थान में 11 नवंबर बुधवार (चंद्र दर्शन) से कार्तिक महोत्सव का शुभारंभ होगा। 24 नवंबर मंगलवार तक चलने वाले इस महोत्सव में श्री प्रेम प्रकाश ग्रंथ, गीता जी और कार्तिक महात्म्य की कथा का वाचन होगा। इस दौरान संत-महात्माओं के भजन, सत्संग, नित्य नियम प्रार्थना और विभिन्न धार्मिक आयोजन श्रद्धा के साथ संपन्न होंगे।
पंच दिवसीय दीपोत्सव के अवसर पर जयपुर प्रवास पर पधारे पूज्य गुरुदेव हजारा हजूर सतगुरु स्वामी भगत प्रकाश जी महाराज की अमोलक वाणी से प्रतिदिन प्रातः 8 बजे से श्रद्धालु भक्ति रस का लाभ प्राप्त करेंगे। महोत्सव के तहत गुरुवार 12 नवंबर से 24 नवंबर तक प्रतिदिन प्रातः 6 से 7 बजे तक श्री अमरापुर स्थान परिसर में हरिनाम संकीर्तन के साथ प्रभात फेरी निकाली जाएगी।
मंगलवार को गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर हजारा हजूर पूज्य गुरुदेव ने सद्गुरु टेऊँराम जी महाराज द्वारा रचित गोवर्धनधारी भगवान श्रीकृष्ण की महिमा का भजनों के माध्यम से गुणगान किया। इससे पूर्व पूज्य स्वामी मोहन प्रकाश जी महाराज ने भगवान को अर्पित किए जाने वाले छप्पन भोग की परंपरा का विस्तृत वृत्तांत प्रस्तुत किया।
संतों ने बताया कि यशोदा मैया भगवान श्रीकृष्ण को आठों प्रहर में आठ बार भोग लगाती थीं। ब्रज में जब लगातार सात दिनों तक वर्षा हुई, तब भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी उंगली पर सात दिनों तक गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों की रक्षा की थी। सातवें दिन ब्रजवासियों और यशोदा मैया ने भगवान श्रीकृष्ण को भोग अर्पित किया। इस दौरान भगवान के समक्ष 56 व्यंजन रखे गए। सात दिनों के आठ प्रहर के भोग की इसी परंपरा से छप्पन भोग की शुरुआत हुई।
संतों ने बताया कि 11 नवंबर बुधवार से 24 नवंबर मंगलवार तक कार्तिक महोत्सव के दौरान नित्य नियम प्रार्थना, संत-महात्माओं के भजन-सत्संग के साथ कार्तिक महात्म्य की कथा का वाचन भी होगा।
महोत्सव के अंतर्गत 15 नवंबर रविवार को आचार्य श्री सद्गुरु स्वामी टेऊँराम जी महाराज का मासिक जन्मोत्सव चौथ पर्व मनाया जाएगा। वहीं, 17 नवंबर मंगलवार को गौपाष्टमी पर्व सद्गुरु टेऊँराम गौशाला, मानसरोवर में बड़े श्रद्धाभाव से आयोजित होगा। श्री अमरापुर स्थान जयपुर में आयोजित यह कार्तिक महोत्सव 24 नवंबर तक धार्मिक कार्यक्रमों और हरिनाम संकीर्तन के साथ जारी रहेगा।