तस्वीर में डॉ. राजेंद्र कुमावत उदयपुरवाटी में नवनिर्वाचित सरपंच को डायरी भेंट करते नजर आ रहे हैं।

उदयपुरवाटी/चिराना। पंचायत राज चुनावों में जीत दर्ज कर पदभार ग्रहण करने वाले नवनिर्वाचित सरपंचों को वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमावत ने बधाई देते हुए उनके गांवों की खुशहाली और विकास की कामना की। इस दौरान उन्होंने विजयी सरपंचों को डायरी-पेन और बाबा साहेब की प्रतिमा भेंट कर गांव के विकास कार्यों को प्राथमिकता देने का संदेश दिया।

डॉ. राजेंद्र कुमावत ने कहा कि लोकतंत्र में जीत-हार होती रहती है। ऐसे में किसी भी प्रकार का गिला-शिकवा रखने के बजाय विकास कार्यों पर ध्यान देना चाहिए, क्योंकि गांव का भला विकास से ही संभव है। उन्होंने सकारात्मक सोच को विकास की पहली शर्त बताते हुए नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों से अपने गांव की खुशहाली और विकास के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि गांव के विकास के लिए जो भी कार्य सोचे गए हैं, उन्हें विश्वास और साहस के साथ धरातल पर उतारें। साथ ही विकास कार्यों और योजनाओं को डायरी में कलमबद्ध करें, ताकि गांव के विकास की दिशा में किए जाने वाले प्रयास व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ सकें।

क्षेत्र में चिराना से मीरा पत्नी बाबूलाल सैनी, बागोरिया की ढाणी से मुन्नी पत्नी राजकिशोर सैनी और लोहार्गल से दातार सिंह सरपंच निर्वाचित हुए हैं। वहीं, उपसरपंच पद पर चिराना से मोहनलाल फौजी, बागोरिया की ढाणी से धौलू राम गुर्जर और लोहार्गल से श्रीमती सावित्री शर्मा चुनी गईं। नवनिर्वाचित सरपंचों और उपसरपंचों को दी गई शुभकामनाओं के साथ गांवों के विकास और खुशहाली के लिए सकारात्मक सोच तथा संकल्प के साथ कार्य करने का संदेश दिया गया।

Tags: