जैसलमेर: ग्राइंडर ऐप से युवक का अपहरण कर 1.42 लाख की ठगी, 6 गिरफ्तार
पीड़ित को गीता आश्रम के पास बुलाकर अपहरण किया और मारपीट कर यूपीआई से रुपए ट्रांसफर कराए; पुलिस ने 2 घंटे में रकम होल्ड करा आरोपी दबोचे।
जैसलमेर में ग्राइंडर डेटिंग ऐप के जरिए एक व्यक्ति को मिलने के बहाने बुलाकर अपहरण करने, सुनसान स्थान पर ले जाकर मारपीट करने और यूपीआई के माध्यम से 1 लाख 42 हजार रुपये वसूलने का मामला सामने आया है। जैसलमेर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज दो घंटे में वारदात का पर्दाफाश कर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई किराये की क्रेटा कार भी बरामद कर ली है। पीड़ित के खाते से ट्रांसफर करवाई गई पूरी राशि होल्ड करवा दी गई है। आरोपियों से पूछताछ और मामले में विस्तृत अनुसंधान जारी है।
जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे ने बताया कि सोमवार को पुलिस थाना कोतवाली जैसलमेर में दूलेन्द्र भाटिया पुत्र भीखचंद, निवासी राखेचा पाड़ा जैसलमेर ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। परिवादी के अनुसार, चार व्यक्ति उसे जबरन गाड़ी में बैठाकर जैसलमेर शहर से दूर ले गए। वहां आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया और मारपीट की। इसके बाद फोन-पे के माध्यम से 1 लाख 42 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए। आरोपियों ने उसका एटीएम कार्ड भी छीन लिया और मारपीट कर घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गए। परिवादी ने पुलिस को आरोपियों के पास मौजूद काले रंग की क्रेटा कार का नंबर RJ-45-CT-6060 भी बताया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे ने स्वयं कार्रवाई की निगरानी करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेश सांखला और वृत्ताधिकारी रूप सिंह ईन्दा के नेतृत्व में अलग-अलग पुलिस टीमें गठित कीं। इनमें कोतवाली थाना पुलिस, जिला विशेष टीम, पर्यटक सुरक्षा दल और अभय कमाण्ड कंट्रोल सेंटर की टीमें शामिल की गईं। प्रत्येक टीम को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपकर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जिले के सभी थानाधिकारियों को नाकाबंदी कर संदिग्धों की तलाश और दस्तयाबी के निर्देश दिए गए। वहीं, पुलिस नियंत्रण कक्ष को जैसलमेर शहर में आने-जाने वाले रास्तों को चिह्नित कर संदिग्ध वाहन की आवाजाही पर नजर रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
निर्देशों की पालना में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेश सांखला और वृत्ताधिकारी रूप सिंह ईन्दा ने मौके पर पहुंचकर पुलिस टीमों के साथ समन्वय स्थापित किया। कोतवाली थानाधिकारी प्रेमाराम, सदर थानाधिकारी महेन्द्र कुमार, पर्यटक सुरक्षा दल प्रभारी कमाल खां और डीएसटी प्रभारी भीमराव सिंह सहित पुलिसकर्मियों ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर संदिग्धों की तलाश शुरू की।
पुलिस टीमों ने सूचना मिलने के महज दो घंटे के भीतर जैसलमेर शहर के अलग-अलग स्थानों से छह संदिग्धों को दस्तयाब कर लिया। इस दौरान संदिग्धों ने किराये पर ली गई क्रेटा कार को बाजार की गलियों में भगाकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीमों ने घेराबंदी कर वाहन को भी पकड़ लिया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पीड़ित के यूपीआई खाते से ट्रांसफर करवाई गई पूरी 1.42 लाख रुपये की राशि होल्ड करवा दी।
अब तक के अनुसंधान में सामने आया है कि परिवादी दूलेन्द्र भाटिया ग्राइंडर डेटिंग ऐप के माध्यम से आरोपियों के संपर्क में आया था। मिलने के लिए उसने अपनी लोकेशन गीता आश्रम के पास साझा की थी। इसके बाद एक आरोपी वाहन लेकर वहां पहुंचा और परिवादी को गाड़ी में बैठा लिया। कुछ दूरी आगे जाने पर उसके अन्य साथी भी वाहन में सवार हो गए।
आरोपी परिवादी को जबरन जैसलमेर शहर से दूर बरमसर की तरफ ले गए। वहां उसके साथ मारपीट कर यूपीआई के माध्यम से रुपये ट्रांसफर करवाए गए और एटीएम कार्ड भी छीन लिया गया। आरोपियों ने पीड़ित के फोटो और वीडियो भी अपने मोबाइल फोन में बनाए। इसके बाद उसे शहर से दूर एक सुनसान स्थान पर छोड़ दिया।
पुलिस ने इस मामले में शिवम पुत्र दलवीर जाट (21), दक्ष कुमार पुत्र विनोद कुमार जाटव (20), कृष्ण पुत्र रामबुला प्रजापति (23), रचना भाटी पुत्री भिकारीसिंह भाटी गुर्जर (19), यश सिंह पुत्र दलवीरसिंह जाट (19), निवासी दादरी जिला गौतमबुद्ध नगर और शुभम पाल पुत्र मुकेश कुमार गढ़रिया (23), निवासी खड़ौली मेरठ उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया है।
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। उनके कब्जे से मिले डिजिटल साक्ष्यों सहित वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं और प्रत्येक आरोपी की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। डेटिंग ऐप के माध्यम से संपर्क कर अपहरण, मारपीट और ऑनलाइन रकम वसूली की इस वारदात का महज दो घंटे में खुलासा करते हुए छह आरोपियों की गिरफ्तारी जैसलमेर पुलिस की त्वरित कार्रवाई के रूप में सामने आई है।