जयपुर में किसानों, ग्रामीण उद्यमियों और उद्योग संघों के सदस्यों को राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीएस) से जोड़ने के लिए 13 नवंबर 2026 को विशेष ‘एनपीएस संचय’ आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस पहल के तहत जागरूकता सत्र के साथ मौके पर ही पेंशन योजना के लिए सब्सक्राइबर नामांकन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही बैंकिंग प्रतिनिधियों और कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) से जुड़े उद्यमियों को नामांकन प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

पेंशन फंड रेग्युलेटर एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के निर्देशानुसार राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति राजस्थान, जयपुर के समन्वय से अग्रणी जिला प्रबंधक, जयपुर और भारतीय स्टेट बैंक की ओर से इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम 13 नवंबर 2026 को अजमेर रोड, सोडाला स्थित ‘द फर्न हैबिटेट’ (द ग्रैंड अनुकम्पा, श्याम नगर) में होगा।

कार्यक्रम का प्रथम सत्र सुबह 10:00 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा। इसमें मुख्य अतिथियों द्वारा जागरूकता प्रस्तुति दी जाएगी और प्रश्नोत्तरी के माध्यम से राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली के बारे में जानकारी साझा की जाएगी। इस सत्र में किसानों, एफपीओ के सदस्यों, ग्रामीण उद्यमियों और उद्योग संघों के प्रतिभागियों को पेंशन योजना से जोड़ने के साथ मौके पर ही तत्काल सब्सक्राइबर नामांकन की सुविधा भी दी जाएगी।

इसके बाद द्वितीय सत्र दोपहर 3:00 बजे से शाम 4:30 बजे तक आयोजित होगा। इसमें पेंशन फंड रेग्युलेटर एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी द्वारा अधिकृत एजेंसी के माध्यम से बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट्स और सीएससी विलेज लेवल एंटरप्रेन्योर्स को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण में ऑन-बोर्डिंग की व्यावहारिक प्रक्रिया और सब्सक्राइबर नामांकन की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी।

एलडीएम जयपुर गणेश ने बताया कि इस कार्यक्रम में बैंक बीसी भी भाग ले सकेंगे। दो सत्रों में आयोजित यह पहल एक ओर किसानों एवं ग्रामीण उद्यमियों को राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली से जोड़ने और दूसरी ओर नामांकन प्रक्रिया को संचालित करने वाले बैंकिंग प्रतिनिधियों तथा सीएससी उद्यमियों को प्रशिक्षित करने पर केंद्रित रहेगी।

Tags: