बाड़मेर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: तस्कर कौशलाराम की 3.36 करोड़ की संपत्ति फ्रीज
बाड़मेर में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए सक्षम प्राधिकारी ने आरोपी और उसके परिजनों के मकान, भूमि व वाहनों के हस्तांतरण पर पूर्ण रोक लगा दी है।
बाड़मेर में एनडीपीएस एक्ट के तहत आरोपी कौशलाराम की तीन मंजिला इमारत और कार फ्रीज की गई।
बाड़मेर पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी से अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर और हार्डकोर अपराधी कौशलाराम तथा उसके परिजनों के नाम पर खरीदी गई 3 करोड़ 36 लाख 79 हजार 665 रुपये की संपत्ति फ्रीज करवा दी है। एनडीपीएस एक्ट के अध्याय 5-ए के तहत की गई इस कार्रवाई को सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक, नई दिल्ली ने सुनवाई के बाद मंजूरी दे दी है। फ्रीज की गई संपत्तियों में चार वाहन, मकान, भूखंड, तीन मंजिला भवन, कृषि भूमि, मेसनरी स्टोन खनन पट्टा और शराब की दुकान शामिल हैं। पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त टीम ने दोनों मकानों पर संपत्ति फ्रीज होने के सूचना बोर्ड भी लगा दिए हैं।
महानिदेशक पुलिस राजस्थान श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार प्रदेशभर में मादक पदार्थ तस्करी से अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बाड़मेर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। जिला पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट ने बताया कि पुलिस मुख्यालय एवं जोधपुर रेंज के निर्देशानुसार मादक पदार्थ तस्करी में लिप्त अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश आर्य और वृत्ताधिकारी बायतु दीपेन्द्र सैनी के सुपरविजन में पुलिस थाना बायतु ने संपत्तियों का वित्तीय अनुसंधान कर यह कार्रवाई की।
पुलिस थाना बायतु के हिस्ट्रीशीटर कौशलाराम पुत्र खेराजराम निवासी सउओ की ढाणी, भोजासर के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में कुल 17 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इनमें एनडीपीएस एक्ट के सात मामलों में पुलिस करीब 4,465.60 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद कर चुकी है। पुलिस थाना सिवाना में दर्ज प्रकरण संख्या 105/2023 में आरोपी से जुड़े तीन वाहनों से 1,249.800 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद किया गया था।
कौशलाराम के विरुद्ध दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामलों में सिरियारी, निम्बाहेड़ा सदर, छोटी सादड़ी, सुमेरपुर, सिवाना और गिड़ा पुलिस थानों में दर्ज प्रकरण शामिल हैं। इन मामलों में डोडा पोस्त के अलावा अफीम और एमडी की भी बरामदगी हुई है।
पुलिस थाना बायतु के थानाधिकारी खेताराम ने कौशलाराम और उसके परिजनों के नाम पर अर्जित संपत्तियों का वित्तीय अनुसंधान किया। जांच में सामने आया कि परिवार के पास इन संपत्तियों को खरीदने के लिए कोई वैध आय स्रोत नहीं था। पुलिस जांच में संपत्तियों की खरीद मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध आय से किए जाने की बात सामने आई।
इसके बाद एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-एफ के तहत 9 अक्टूबर 2026 को संपत्ति फ्रीज करने का आदेश जारी किया गया और पुष्टि के लिए सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक, नई दिल्ली को भेजा गया। सक्षम प्राधिकारी ने सुनवाई के बाद कुल 3,36,79,665 रुपये की संपत्ति फ्रीज करने के आदेशों की पुष्टि कर दी।
फ्रीज की गई संपत्तियों में टोयोटा हाइलक्स पिकअप, हुंडई क्रेटा, महिंद्रा बोलेरो कैंपर और महिंद्रा स्कॉर्पियो सहित चार वाहन शामिल हैं। इसके अलावा सउओ की ढाणी, भोजासर में स्थित आवासीय और निर्माणाधीन मकान, बालोतरा के मां विरात्रा विहार-6 में आवासीय भूखंड और उस पर निर्मित तीन मंजिला भवन भी कार्रवाई के दायरे में आए हैं। जैसलमेर जिले के रामगढ़ में स्थित दो मुरब्बा कृषि भूमि, मेसनरी स्टोन खनन पट्टा और शराब की दुकान को भी फ्रीज किया गया है। इन सभी संपत्तियों का कुल मूल्य 3 करोड़ 36 लाख 79 हजार 665 रुपये आंका गया है। इनमें कौशलाराम के साथ उसकी पत्नी, भाई और भाई की पत्नी के नाम पर खरीदी गई संपत्तियां भी शामिल हैं।
संपत्तियों को फ्रीज किए जाने के बाद अब उनका विक्रय, हस्तांतरण या किसी भी प्रकार का अन्य लेन-देन नहीं किया जा सकेगा। एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-एम के अनुसार इन संपत्तियों का ऐसा कोई भी हस्तांतरण शून्य होगा। इस संबंध में परिवहन, राजस्व, पंजीयन, नगर परिषद, आबकारी और खनिज विभाग के साथ संबंधित बैंकों को सूचित करने की कार्रवाई की जा रही है।
मंगलवार 10 नवम्बर को पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त टीम ने कौशलाराम के सउओ की ढाणी, भोजासर स्थित आवासीय और निर्माणाधीन दोनों मकानों पर संपत्ति फ्रीज होने संबंधी सूचना बोर्ड लगाए। इस कार्रवाई के जरिए पुलिस ने तस्करी से अर्जित संपत्तियों पर कानूनी शिकंजा कसते हुए उनके उपयोग और हस्तांतरण पर रोक लगा दी है।
बाड़मेर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थ तस्करी से अर्जित अवैध कमाई को जब्त करने और तस्करों को आर्थिक लाभ से वंचित करने के उद्देश्य से ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को कौशलाराम द्वारा अर्जित किसी अन्य संपत्ति के बारे में जानकारी हो तो पुलिस थाना बायतु के थानाधिकारी के मोबाइल नंबर 8949505551 पर सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम गोपनीय रखा जाएगा।