जयपुर-गया-खातीपुरा अनारक्षित स्पेशल ट्रेन का ऐलान, देखें टाइमटेबल और रूट
त्योहारी सीजन में यात्रियों की सहूलियत के लिए रेलवे 12 और 13 नवंबर को 15 डिब्बों वाली अनारक्षित स्पेशल रेलसेवा का संचालन करेगा।
त्योहारी सीजन में बढ़ते यात्री यातायात को देखते हुए रेलवे ने जयपुर-गया-खातीपुरा के बीच अनारक्षित स्पेशल रेलसेवा संचालित करने का निर्णय लिया है। इस विशेष रेलसेवा से यात्रियों को अतिरिक्त आवागमन सुविधा मिलेगी। उत्तर पश्चिम रेलवे की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार दोनों दिशाओं में ट्रेन का संचालन निर्धारित तिथियों पर एक-एक ट्रिप के रूप में किया जाएगा।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार, गाड़ी संख्या 09727 जयपुर-गया स्पेशल रेलसेवा 12 नवंबर 2026 को जयपुर से दोपहर 13.30 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 10.30 बजे गया पहुंचेगी।
यह ट्रेन अपने मार्ग में गांधीनगर जयपुर, खातीपुरा, दौसा, बांदीकुई, भरतपुर, ईदगाह, टूण्डला, ईटावा, गोविन्दपुरी, सुबेदारगंज, पं. दीनदयाल उपाध्याय, भभुआ रोड, सासाराम और डेहरी ऑनसोन स्टेशनों पर ठहराव करेगी।
इसी क्रम में गाड़ी संख्या 09728 गया-खातीपुरा स्पेशल रेलसेवा 13 नवंबर 2026 को गया से दोपहर 13.30 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 10.15 बजे खातीपुरा पहुंचेगी। वापसी यात्रा के दौरान यह रेलसेवा डेहरी ऑनसोन, सासाराम, भभुआ रोड, पं. दीनदयाल उपाध्याय, सुबेदारगंज, गोविन्दपुरी, इटावा, टूण्डला, ईदगाह, भरतपुर, बांदीकुई और दौसा स्टेशनों पर ठहरेगी।
रेलवे के अनुसार, इस अनारक्षित स्पेशल रेलसेवा में कुल 15 डिब्बे होंगे। इनमें 13 साधारण श्रेणी और 02 गार्ड श्रेणी के डिब्बे शामिल हैं। त्योहारी सीजन में अतिरिक्त यात्री यातायात को देखते हुए शुरू की जा रही यह रेलसेवा जयपुर, गया और खातीपुरा के बीच यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा उपलब्ध कराएगी।