श्री महावीरजी रेलवे स्टेशन पर भगवान महावीर प्रतिमा के प्रथम स्थापना दिवस पर पूजन करते जैन समाज के लोग।  

श्री महावीरजी/गंगापुर सिटी, 20 नवंबर 2026। राजस्थान के श्री महावीरजी रेलवे स्टेशन परिसर में विराजमान भगवान महावीर स्वामी की भव्य प्रतिमा का प्रथम स्थापना दिवस शुक्रवार को हर्षोल्लास और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र श्री महावीर जी कमेटी के तत्वावधान में धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए, जिनमें सैकड़ों साधर्मी बंधुओं और आमजन ने भाग लेकर भगवान महावीर का जयघोष किया।

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत श्री महावीरजी रेलवे स्टेशन के प्रांगण में बंसी पहाड़पुर के पत्थरों से निर्मित आकर्षक छतरी के भीतर गोलाकार सर्कल में भगवान महावीर स्वामी की प्रतिमा स्थापित की गई है। प्रथम स्थापना दिवस पर प्रतिमा के समक्ष विशेष धार्मिक आयोजन हुए। इस दौरान दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र कमेटी के विशेष अधिकारी कर्नल विष्णु सिंह, मैनेजर नेमीचंद जैन पाटनी, जनसंपर्क अधिकारी एवं जैन विद्वान पंडित मुकेश जी मधुर, दिगंबर जैन सोशल ग्रुप गंगापुर सिटी के अध्यक्ष नरेंद्र जैन नृपत्या, संस्थापक अध्यक्ष सुमेर जैन सोनी, अमित जैन और राजेश जैन गोधा सहित दर्जनों साधर्मी बंधु उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान सभी ने छतरी में पद्मासन मुद्रा में विराजमान 1400 किलो वजनी ब्रांज मेटल की भगवान महावीर स्वामी की प्रतिमा का मंत्रोच्चार के साथ परिमार्जन किया। इसके बाद पूरी छतरी, ग्रेनाइट से बने चबूतरे और गोलाकार सर्कल की सामूहिक रूप से साफ-सफाई कर परिसर को व्यवस्थित और आकर्षक बनाया गया। स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में सर्कल को फूलों से सजाया गया।

धार्मिक कार्यक्रम में णमोकार मंत्र, मंगलाष्टक और महावीर अष्टक का मंगल पाठ किया गया। इसके बाद भगवान महावीर स्वामी की अष्ट द्रव्यों से सामूहिक पूजा-अर्चना की गई। स्थापना दिवस पर उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं और भगवान महावीर के जयकारे लगाए। कार्यक्रम में शामिल सैकड़ों साधर्मी बंधुओं और आमजन को मिष्ठान वितरित किया गया।

दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र कमेटी के जनसंपर्क अधिकारी पंडित मुकेश जी मधुर ने कहा कि भारत सरकार और रेल मंत्रालय ने रेलवे स्टेशन परिसर में भगवान महावीर स्वामी की प्रतिमा स्थापित कर जैन समाज को बहुत बड़ा गौरव प्रदान किया है। इस पहल की जितनी प्रशंसा की जाए, उतनी कम है। उन्होंने कहा कि यह प्रतिमा समस्त जगत में भगवान महावीर स्वामी के 'जियो और जीने दो' के संदेश का प्रसार कर रही है।

दिगंबर जैन सोशल ग्रुप गंगापुर सिटी के अध्यक्ष नरेंद्र जैन ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत दूसरे चरण का कार्य शुरू हो चुका है। इसके अंतर्गत रेलवे स्टेशन परिसर में विशाल सिंह द्वार, सेल्फी वॉल और यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए कई निर्माण कार्य किए जाने हैं। यात्रियों की आवाजाही सुगम बनाने के लिए एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म तक जाने के लिए लिफ्ट भी लगाई जाएगी। इसके साथ ही स्टेशन परिसर में रंगीन लाइटें स्थापित की जाएंगी।

उन्होंने बताया कि भगवान महावीर स्वामी के जीवन चरित्र और श्री महावीरजी तीर्थ की कहानी को आर्ट गैलरी के माध्यम से पत्थरों पर अंकित कर रेलवे स्टेशन की बिल्डिंग के अंदर लगाया जाएगा। इससे स्टेशन परिसर में भगवान महावीर के जीवन और श्री महावीरजी तीर्थ से जुड़ी जानकारी को प्रदर्शित किया जाएगा।

स्थापना दिवस के अवसर पर दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र श्री महावीर जी कमेटी के अध्यक्ष सुधांशु कासलीवाल और मानद मंत्री उमराव मल संघी ने भारत सरकार एवं रेल मंत्रालय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशन परिसर में भगवान महावीर स्वामी की प्रतिमा स्थापित होने से पूरे भारतवर्ष में उनके अहिंसा के संदेश का प्रसार हो रहा है। भगवान महावीर स्वामी की यह मनोहारी प्रतिमा रेल यात्रियों को विश्व शांति और सौहार्द का संदेश दे रही है।

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित हो रहे श्री महावीरजी रेलवे स्टेशन पर भगवान महावीर स्वामी की प्रतिमा अब धार्मिक आस्था के साथ अहिंसा, विश्व शांति और सौहार्द के संदेश का प्रमुख माध्यम बन रही है। प्रथम स्थापना दिवस पर आयोजित धार्मिक अनुष्ठानों और आगामी विकास कार्यों की जानकारी ने इस आयोजन को विशेष महत्व प्रदान किया।

Tags: