गंगापुर सिटी विकास मंच बैठक: रेलवे और जनसमस्याओं पर चर्चा
| एक वर्ष के प्रयासों की समीक्षा के साथ रेलवे, शिक्षा, पेयजल व यातायात पर विशेषज्ञों को जोड़कर ठोस कार्ययोजना बनाने पर सहमति बनी।
गंगापुर सिटी एवं आसपास के क्षेत्र की समस्याओं के समाधान और सर्वांगीण विकास को लेकर क्षेत्रीय विकास मंच समिति की महत्वपूर्ण बैठक 16 नवंबर 2026 को शाम 6 बजे नासिया कॉलोनी, गंगापुर सिटी स्थित विजय लक्ष्मी ऑडिटोरियम में आयोजित हुई। बैठक में शहर के विकास को गति देने, जनसमस्याओं को प्राथमिकता से उठाने और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों को एक साझा मंच से जोड़कर योजनाबद्ध तरीके से काम करने पर जोर दिया गया।
बैठक में क्षेत्रीय विकास मंच की ओर से विगत लगभग एक वर्ष के दौरान किए गए प्रयासों की समीक्षा की गई। इस दौरान विभिन्न विभागों को भेजे गए पत्रों, ज्ञापनों, अधिकारियों से किए गए संपर्क और अब तक हुई प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई। विशेष रूप से रेलवे से जुड़े विकास कार्यों को लेकर मंच की ओर से किए गए प्रयासों की जानकारी साझा की गई। सदस्यों ने विश्वास जताया कि रेलवे के विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर किए गए पत्राचार, ज्ञापनों और अधिकारियों से व्यक्तिगत संपर्क के सकारात्मक परिणाम आने वाले समय में सामने आएंगे।
मंच के संस्थापक संयोजक डॉ. हेमंत शर्मा ने उपस्थित गणमान्य नागरिकों, प्रबुद्धजनों और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय विकास मंच का गठन किसी व्यक्ति विशेष या संस्था के हितों के लिए नहीं, बल्कि गंगापुर सिटी और आसपास के संपूर्ण क्षेत्र के विकास को साझा उद्देश्य बनाकर किया गया है।
डॉ. शर्मा ने कहा कि क्षेत्र में विकास की अपार संभावनाएं हैं। जरूरत इस बात की है कि सभी लोग अपने व्यक्तिगत और संस्थागत दायरों से ऊपर उठकर क्षेत्रहित में एक साथ आएं। शहर की समस्याएं किसी एक व्यक्ति या संगठन की नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की साझा समस्याएं हैं। इनका समाधान सामूहिक प्रयासों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और संबंधित विभागों के साथ निरंतर संवाद एवं समन्वय से ही संभव है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र का विकास केवल सरकार या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के जागरूक नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी उतनी ही आवश्यक है। व्यापार, शिक्षा, चिकित्सा, रेलवे, कृषि, उद्योग, सामाजिक सेवा एवं प्रशासनिक क्षेत्रों से जुड़े अनेक अनुभवी और विशेषज्ञ लोग क्षेत्र में मौजूद हैं। इन सभी का अनुभव, ज्ञान और ऊर्जा एक मंच पर आने से समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी पहल की जा सकती है। उन्होंने सभी नागरिकों से मंच को अपना मंच समझने और अपने सुझावों, अनुभवों तथा सक्रिय सहयोग से इस अभियान को आगे बढ़ाने का आग्रह किया।
मंच के अध्यक्ष प्रो. श्यामलाल मीणा ने विगत एक वर्ष की गतिविधियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने रेलवे विभाग से संबंधित प्रयासों की जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्र के रेलवे विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर संबंधित अधिकारियों एवं उच्चाधिकारियों को पत्र लिखे गए हैं। इसके साथ ही ज्ञापन सौंपने के अलावा व्यक्तिगत स्तर पर भी संपर्क और संवाद किया गया है।
बैठक में सदस्यों ने अपने विचार और सुझाव रखते हुए मंच की गतिविधियों का दायरा बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने सुझाव दिया कि गंगापुर सिटी की मूलभूत समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर चिह्नित कर रेलवे, यातायात व्यवस्था, शिक्षा, चिकित्सा, पेयजल, सड़क, स्वच्छता, व्यापार, रोजगार एवं अन्य जनहित के विषयों पर योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाए।
इसके साथ ही शहर के व्यापारिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं, युवा संगठनों, शिक्षाविदों, बुद्धिजीवियों तथा विभिन्न क्षेत्रों के अनुभवी एवं विशेषज्ञ व्यक्तियों को मंच से जोड़ने का सुझाव दिया गया। इसके लिए अलग-अलग विषयों के जानकार लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर सहमति बनी, ताकि प्रत्येक क्षेत्र की समस्याओं को समझकर उनके समाधान के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की जा सके।
बैठक में रघुवीर मीणा सेवानिवृत्त एडीआरएम, रेलवे, घनश्याम रावत, गंगाप्रसाद गुप्ता, प्रहलाद मेठी, राजेंद्र शर्मा, पी.पी. कृष्ण कुमार झाम, संरक्षक ईश्वरलाल शर्मा, सत्यप्रकाश मीणा एवं याकूब खान सहित अन्य सदस्यों ने अपने विचार रखे।
सभी सदस्यों ने सहमति व्यक्त की कि केवल समस्याओं पर चर्चा करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके समाधान के लिए जिम्मेदारी लेकर निरंतर प्रयास करना भी जरूरी है। मंच आने वाले समय में विभिन्न विषयों के लिए संबंधित क्षेत्रों के अनुभवी व्यक्तियों को साथ लेकर संगठित एवं प्रभावी कार्ययोजना के साथ आगे बढ़ेगा।
बैठक में संस्थापक संयोजक डॉ. हेमंत शर्मा, अध्यक्ष प्रो. श्यामलाल मीणा, उपाध्यक्ष सूरज प्रसाद गर्ग, महामंत्री डॉ. सीताराम गुप्ता, कोषाध्यक्ष घनश्याम मेठी, डॉ. बाबूलाल बैरवा, रवि प्रकाश मीना, रामकिशोर गर्ग, ज्ञानेश्वर मीणा, लक्ष्मीचंद मीणा, कुंज बिहारी सिरोहिया, ओमप्रकाश शर्मा, लल्लूलाल मीणा, डॉ. जुगल किशोर तलवार, चोखेलाल वर्मा, रामगोपाल शर्मा, महेंद्र काड़ोल्या, नरेंद्र जैन, सुनील सिंह, रामकेश आदिवासी, आर.सी. वर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
क्षेत्रीय विकास मंच की ओर से गंगापुर सिटी एवं आसपास के क्षेत्र के समस्त नागरिकों, सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों, युवाओं, शिक्षाविदों, बुद्धिजीवियों, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों से इस साझा प्रयास से जुड़ने की अपील की गई। मंच का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को साथ लेकर क्षेत्र की समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाना और उनके समाधान के लिए सकारात्मक एवं संगठित वातावरण तैयार करना है।
मंच ने स्पष्ट किया कि यह किसी राजनीतिक दल, वर्ग या व्यक्ति विशेष तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे क्षेत्र के हितों के लिए काम करने वाला साझा मंच है। इसमें प्रत्येक जागरूक नागरिक के विचारों, सुझावों और सहयोग का स्वागत है। मंच का मानना है कि क्षेत्र का विकास किसी एक व्यक्ति, संस्था या संगठन के प्रयासों से नहीं, बल्कि सामूहिक भागीदारी, आपसी सहयोग और निरंतर प्रयासों से ही संभव है। समस्याओं को सामने रखने के साथ उनके समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाना ही मंच का प्रमुख उद्देश्य है।