गंगापुर सिटी में आवारा सांडों और बंदरों के आतंक के साथ बाजारों में बढ़ते अतिक्रमण और अव्यवस्थित यातायात को लेकर नगर परिषद ने सख्त रुख अपनाया है। व्यापार मंडल मार्केट एसोसिएशन एवं लायंस क्लब गरिमा की ओर से सौंपे गए ज्ञापन पर सभापति कृष्ण कुमार गोयल ने आवारा सांडों को पकड़ने की कार्रवाई 24 घंटे और बंदरों को पकड़ने की कार्रवाई 4 घंटे के भीतर शुरू करवाने का आश्वासन दिया। वहीं, अतिक्रमण हटाने के लिए पूरे शहर को तीन दिन का अल्टीमेटम दिया गया है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान और जब्ती की कार्रवाई भी की जाएगी।

शहर में आवारा सांडों के बढ़ते आतंक और बंदरों की समस्या को लेकर व्यापार मंडल मार्केट एसोसिएशन एवं लायंस क्लब गरिमा के सदस्यों ने नगर परिषद सभापति कृष्ण कुमार गोयल को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान व्यापार मंडल मार्केट एवं सब्जी मंडी चौराहे पर आवारा सांडों के कारण राहगीरों, व्यापारियों और आम नागरिकों के आए दिन चोटिल होने की घटनाओं पर चिंता जताई गई। सदस्यों ने बताया कि सांडों के हमलों से शहरवासियों में भय का माहौल बना हुआ है।

ज्ञापन में मुख्य बाजार और चौराहों पर अवैध ठेलों तथा अतिक्रमण के कारण दिनभर लगने वाले जाम का मुद्दा भी उठाया गया। सदस्यों ने बताया कि इससे व्यापारियों का कारोबार प्रभावित हो रहा है और आमजन को भी आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने विशेष रूप से बताया कि यह मार्ग पुलिस थाना और चिकित्सालय जाने का प्रमुख रास्ता है। यहां जाम लगने से एंबुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं के वाहनों को भी निकलने में परेशानी होती है। इससे आपातकालीन सेवाएं प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है। इसके साथ ही सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने शहर में बंदरों के बढ़ते आतंक और आम नागरिकों को हो रही परेशानियों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया।

सभापति कृष्ण कुमार गोयल ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आवारा सांडों को पकड़ने का अभियान अगले 24 घंटे के भीतर शुरू करवाने का आश्वासन दिया। बंदरों की समस्या पर त्वरित संज्ञान लेते हुए उन्होंने अगले 4 घंटे के भीतर उन्हें पकड़ने की कार्रवाई शुरू करवाने की बात कही।

शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर भी सभापति ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि नगर परिषद शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए दिन-रात काम कर रही है। सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों की पूरी टीम पूरे शहर में सफाई कार्य में जुटी हुई है। शहर की प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

सभापति ने शहरवासियों और व्यापारियों से अपील की कि वे कचरा सड़कों पर नहीं डालें और दुकानों के सामने गंदगी नहीं फैलाएं। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी व्यापारी की दुकान के सामने कचरा पाया गया तो संबंधित व्यापारी के खिलाफ नगर परिषद चालान की कार्रवाई करेगी।

अवैध ठेलों को लेकर भी सभापति ने सख्ती दिखाई। उन्होंने कहा कि किसी व्यापारी की दुकान के सामने अवैध रूप से ठेला लगा पाया गया तो ठेले को जब्त किया जाएगा। इसके साथ ही संबंधित व्यापारी के खिलाफ भी चालान की कार्रवाई की जाएगी।

शहर में बढ़ते अतिक्रमण और अव्यवस्थित तरीके से लगाए जा रहे ठेलों को लेकर सभापति ने पूरे शहर को तीन दिन का समय दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित अवधि के बाद नगर परिषद का अतिक्रमण निरोधक दस्ता पूरी टीम के साथ बाजारों और मुख्य मार्गों पर कार्रवाई के लिए निकलेगा। इस दौरान अतिक्रमण करने वालों और अवैध रूप से ठेले लगाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

सभापति ने कहा कि शहर की सड़कों और बाजारों को अतिक्रमण मुक्त रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। नगर परिषद अब इस मामले में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी।

उन्होंने समस्त शहरवासियों, व्यापारियों और सामाजिक संगठनों से स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित गंगापुर बनाने में सहयोग करने की अपील की। सभापति ने कहा कि नगर परिषद के प्रयास तभी सफल होंगे, जब प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी समझते हुए स्वच्छता बनाए रखने और शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने में सहयोग करेगा।

सभापति की ओर से त्वरित कार्रवाई के आश्वासन और शहर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए उठाए गए कदमों पर व्यापारिक एवं सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने उनका आभार जताया।

इस अवसर पर उपसभापति मुजाहिद खान, पार्षद गिरधारी लाल गुप्ता, पदम जोशी सहित लायंस क्लब गरिमा की ओर से सौरभ बरडिया, ओम अग्रवाल, मुकेश, राजाराम मीणा, सोनू लदिया एवं सचिन बंसल मौजूद रहे। व्यापार मंडल मार्केट एसोसिएशन की ओर से देवकीनंदन गुप्ता, मनीष सागवान, ओम प्रकाश गुप्ता, पवन, शिवचरण, दुलीचंद और बालकृष्ण सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। इस दौरान मीडिया बंधु भी सभागार में मौजूद रहे।

Tags: