गंगापुर सिटी के विजय पैलेस में आयोजित समारोह में स्वच्छता कर्मचारियों को सम्मानित करते अतिथि।

गंगापुर सिटी में स्वच्छता, सुंदरता और रोशनी की व्यवस्था को बेहतर बनाने में जुटे कर्मचारियों और स्वच्छता सेनानियों के समर्पण को बुधवार को विशेष सम्मान दिया गया। नगर परिषद की ओर से विजय पैलेस में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में स्वच्छ गंगापुर, स्वस्थ गंगापुर और रोशन गंगापुर अभियान में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले कर्मचारियों एवं सहयोगियों का अभिनंदन किया गया।

यह कार्यक्रम विधायक रामकेश मीणा के मार्गदर्शन एवं नगर परिषद सभापति कृष्ण कुमार गोयल (कुबेर) के नेतृत्व में संचालित अभियान के तहत आयोजित किया गया। समारोह में सफाई मित्रों, लाइट कर्मियों, ऑटो टिपर चालकों, गौ-एम्बुलेंस चालकों, जेसीबी चालकों, ट्रैक्टर चालकों और सीवरेज कर्मचारियों सहित अभियान से जुड़े सभी कर्मचारियों एवं सहयोगियों को सम्मानित किया गया।

इस दौरान शहर की स्वच्छता, सुंदरता और व्यवस्थाओं को बनाए रखने के लिए कर्मचारियों की मेहनत, समर्पण और निस्वार्थ सेवाभाव की सराहना की गई। वक्ताओं ने शहर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

समारोह में नगर परिषद उपसभापति मुजाहिद खान, पार्षदगण, नगर परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारी, पत्रकार बंधु तथा शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से आमजन से भी गंगापुर सिटी को स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर बनाए रखने के लिए अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की गई। नगर परिषद के इस आयोजन के जरिए शहर की स्वच्छता और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में जुटे कर्मचारियों के योगदान को सार्वजनिक रूप से सम्मानित किया गया।

Tags: