गंगापुर सिटी में एडीएम कार्यालय सभागार में बालिका द्वारा आतिशबाजी दुकानों की लॉटरी निकाली गई।

गंगापुर सिटी में दीपावली आतिशबाजी बाजार के लिए गुरुवार को अस्थाई दुकानों के आवंटन की लॉटरी निकाली गई। अतिरिक्त जिला कलेक्टर कार्यालय के सभागार में आयोजित इस प्रक्रिया में कुल 129 आवेदन शामिल हुए, जिनमें से पहले चरण में 117 आवेदकों को दुकानों का आवंटन किया गया। शेष 12 आवेदनों के लिए अलग से लॉटरी निकाली गई।

नगर परिषद आयुक्त नरसी मीणा ने लॉटरी की प्रक्रिया शुरू करवाई। लॉटरी शुरू होने से पहले आवेदकों ने प्रशासन के सामने मांग रखी कि सबसे पहले 117 दुकानों का आवंटन किया जाए। आवेदकों की मांग स्वीकार करते हुए प्रशासन ने एक बालिका के हाथों से पहले 117 दुकानों की लॉटरी निकलवाई। इसके बाद शेष 12 आवेदनों के लिए अलग से लॉटरी प्रक्रिया पूरी की गई।

राजकीय स्कूल के खेल मैदान में लगेगा आतिशबाजी बाजार

हर साल की तरह इस बार भी दीपावली पर आतिशबाजी का अस्थाई बाजार राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में लगाया जाएगा। अतिरिक्त जिला कलेक्टर सुदर्शन सिंह तोमर ने 5 नवंबर को लॉटरी निकालने के आदेश जारी किए थे। खेल मैदान में बाजार स्थापित करने के लिए दुकानों की जगह निर्धारित कर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

दुकानों पर अग्निशमन यंत्र और पानी का ड्रम रखना अनिवार्य

आतिशबाजी बाजार में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नगर परिषद आयुक्त नरसी मीणा ने सभी दुकानदारों को पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रत्येक दुकान के सामने 6 किलोग्राम का अग्निशमन यंत्र, एक बाल्टी और पानी से भरा ड्रम रखना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही नगर परिषद से 500 रुपये की रसीद कटवाना भी जरूरी किया गया है।

प्रशासन ने सभी दुकानदारों को आतिशबाजी बाजार में सुरक्षा संबंधी निर्देशों की अनिवार्य रूप से पालना करने और निर्धारित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इस तरह दीपावली के दौरान लगने वाले अस्थाई आतिशबाजी बाजार में दुकानों के आवंटन के साथ सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी प्रशासन ने व्यवस्था तय कर दी है।

Tags: