प्रियांशु गर्ग और वंश गर्ग गंगापुर सिटी में डीएमएलटी परीक्षा में राजस्थान टॉप करने पर खड़े हैं।

गंगापुर सिटी के दो सगे भाइयों ने डिप्लोमा इन मेडिकल लेबोरेटरी टेक्नोलॉजी (डीएमएलटी) की परीक्षा में पूरे राजस्थान में प्रथम स्थान हासिल कर शहर का नाम रोशन किया है। गंगापुर सिटी निवासी प्रियांशु गर्ग एवं वंश गर्ग पुत्र श्रीराम गर्ग की इस उपलब्धि से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

दोनों भाई रिया पैरामेडिकल कॉलेज के विद्यार्थी हैं। उन्होंने मेहनत, लगन, अनुशासन और निरंतर अध्ययन के दम पर यह सफलता हासिल की है। डीएमएलटी परीक्षा में राजस्थान स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने पर परिवारजनों, कॉलेज प्रबंधन, शिक्षकों और शहरवासियों ने खुशी जाहिर की है।

प्रियांशु गर्ग और वंश गर्ग ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, परिवारजनों और शिक्षकों को दिया। उन्होंने बताया कि जिले के वरिष्ठ पत्रकार रहे स्वर्गीय सीताराम गर्ग उनके ताऊजी थे, जो हमेशा उनके लिए प्रेरणास्रोत रहे हैं। माता-पिता के निरंतर सहयोग, परिवार के प्रोत्साहन और शिक्षकों के उचित मार्गदर्शन से ही वे इस मुकाम तक पहुंच सके।

दोनों भाइयों की उपलब्धि पर परिजनों, रिश्तेदारों, मित्रों और शुभचिंतकों की ओर से बधाई देने का सिलसिला जारी है। डीएमएलटी परीक्षा में राजस्थान में प्रथम स्थान हासिल करने वाले प्रियांशु गर्ग और वंश गर्ग की सफलता ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे गंगापुर सिटी को गौरवान्वित किया है। दोनों भाइयों ने अपनी उपलब्धि से साबित किया है कि दृढ़ संकल्प, कठिन परिश्रम और सही मार्गदर्शन के बल पर निर्धारित लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

Tags: