गंगापुर सिटी में सड़क पर कचरा फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, सभापति ने दी चेतावनी
नगर परिषद सभापति कृष्ण कुमार गोयल ने व्यापारियों से दुकानों पर डस्टबिन रखने की अपील की है, बुधवार को स्वच्छता सैनिकों का सम्मान होगा।
नगर परिषद सभापति कृष्ण कुमार गोयल गंगापुर सिटी में अपने कक्ष में प्रेस वार्ता संबोधित करते हुए।
गंगापुर सिटी में स्वच्छता अभियान को प्रभावी बनाने के लिए नगर परिषद ने अब सख्त रुख अपनाने के संकेत दिए हैं। सभापति कृष्ण कुमार गोयल ने व्यापारियों और शहरवासियों से स्वच्छ गंगापुर-स्वस्थ गंगापुर अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील करते हुए स्पष्ट चेतावनी दी कि सड़क पर कचरा फैलाने वालों के खिलाफ दीपावली के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नगर परिषद सभापति कृष्ण कुमार गोयल ने मंगलवार शाम 5 बजे अपने कक्ष में प्रेस वार्ता आयोजित कर शहर की स्वच्छता व्यवस्था को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने की जिम्मेदारी केवल नगर परिषद की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक और व्यापारी की भी है। उन्होंने सभी व्यापारियों से अपनी दुकानों पर डस्टबिन रखने और कचरे को सड़क पर इधर-उधर फेंकने के बजाय उसमें एकत्रित करने की अपील की। साथ ही कचरे को नियमित रूप से नगर परिषद के ऑटो टिपर में डालने का आग्रह किया।
सभापति गोयल ने चेतावनी दी कि यदि लोग सड़क पर कचरा फैलाने से बाज नहीं आए तो दीपावली के बाद नगर परिषद उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए मजबूर होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वच्छता अभियान को सफल बनाने के लिए नागरिकों और व्यापारियों की भागीदारी जरूरी है।
इस दौरान उन्होंने बताया कि बुधवार दोपहर 3 बजे स्थानीय विजय पैलेस में स्वच्छता सैनिकों के सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह में शहर के सभी वार्डों में नगर परिषद की ओर से संचालित स्वच्छता अभियान में सहयोग करने वाले ऑटो टिपर चालकों एवं परिचालकों, रोड लाइट ठीक करने वाले कर्मचारियों सहित सभी नियमित एवं संविदा कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा।
सभापति ने कहा कि गंगापुर सिटी को स्वच्छ बनाने में इन कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके कार्य और योगदान की सराहना करने के साथ सम्मान समारोह के माध्यम से उनका उत्साहवर्धन किया जाएगा। उन्होंने आमजन से भी अभियान में सक्रिय सहयोग कर गंगापुर सिटी को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने का आह्वान किया।
प्रेस वार्ता के दौरान वार्ड पार्षद पंकज मंगलम, वार्ड 49 के पार्षद विजय गुप्ता, पार्षद पदम जोशी एवं गिर्राज खेड़ापति भी उपस्थित रहे। नगर परिषद की ओर से स्वच्छता सैनिकों के सम्मान और सड़क पर कचरा फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी के जरिए शहर में स्वच्छता अभियान को लेकर नागरिकों की जिम्मेदारी पर जोर दिया गया।