गंगापुर सिटी के अग्रवाल कन्या महाविद्यालय में दीपावली के पावन पर्व पर आयोजित पूजन कार्यक्रम में दीप प्रज्वलित करते हुए पदाधिकारी और उपस्थित सदस्य।

गंगापुर सिटी। अग्रवाल कन्या महाविद्यालय में दीपावली के पावन पर्व पर गृहविज्ञान विभाग की ओर से प्रयोगात्मक कार्य के अंतर्गत दीपावली पूजन कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। इस दौरान महाविद्यालय परिसर दीपों की रोशनी और आकर्षक सजावट से उत्सवमय नजर आया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अग्रवाल शिक्षण संस्थान के महामंत्री गिर्राज प्रसाद गुप्ता अकाउंटेंट, अग्रवाल कन्या महाविद्यालय के सचिव बाबूलाल गुप्ता, कार्यकारिणी सदस्य राजकुमार गोयंका और महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. बृजेंद्र सिंह ने मां लक्ष्मी एवं भगवान गणेश के विधिवत पूजन और दीप प्रज्वलन के साथ किया।

इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर को आकर्षक रंगोली, दीपों और सजावटी सामग्री से सजाया गया। उपस्थित सभी लोगों ने मां लक्ष्मी से सुख-समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। दीपों की रोशनी और भक्तिमय वातावरण ने पूरे परिसर को दीपावली के रंग में रंग दिया।

कार्यक्रम में अग्रवाल शिक्षण संस्थान के महामंत्री गिर्राज प्रसाद गुप्ता ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीपावली का पर्व हमें अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने तथा आपसी प्रेम, सद्भाव और सकारात्मकता के साथ जीवन जीने की प्रेरणा देता है।

महाविद्यालय सचिव बाबूलाल गुप्ता ने भी सभी के सुखद, समृद्ध और मंगलमय जीवन की कामना की। कार्यक्रम का समापन मंगलकामनाओं और प्रसाद वितरण के साथ हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्य और छात्राएं उपस्थित रहीं।

Tags: