गंगापुर सिटी में बिगेस्ट नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का रोमांचक समापन, चार लीग की चैंपियन टीमें घोषित
भारत विकास परिषद और जीपीएस स्कूल के तत्वावधान में आयोजित बिगेस्ट नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट के चार लीग मुकाबलों का समापन हुआ।
गंगापुर सिटी के स्कूल ग्राउंड पर क्रिकेट टूर्नामेंट विजेता टीम जश्न मनाती नजर आ रही है।
गंगापुर सिटी के हायर सेकेंडरी स्कूल ग्राउंड पर आयोजित बिगेस्ट नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 के चार फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब के लिए जोरदार संघर्ष किया। वूमेन्स प्रीमियर लीग में धाकड़ बेटियां, पेरेंट्स लीग में सुपर डेड्स, सेलिब्रिटी लीग में सीनियर क्रिकेटर्स और चौथे फाइनल में महाकाल सेना ने जीत दर्ज कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। दूधिया रोशनी में खेले गए मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों के प्रदर्शन के साथ दर्शकों का उत्साह और आतिशबाजी आकर्षण का केंद्र रहे।
शहर के हायर सेकेंडरी स्कूल ग्राउंड पर भारत विकास परिषद शाखा सुभाष एवं जीपीएस स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता के चारों लीग के फाइनल मुकाबले 2 और 3 नवंबर को खेले गए। जीपीएस स्कूल के डायरेक्टर चेतन अग्रवाल एवं भारत विकास परिषद शाखा सुभाष के प्रांतीय सचिव आदित्य भारद्वाज ने बताया कि टूर्नामेंट में चार अलग-अलग लीग आयोजित की गई थीं, जिनके फाइनल मुकाबलों में टीमों ने खिताब के लिए मुकाबला किया।
2 नवंबर को खेले गए वूमेन्स प्रीमियर लीग के फाइनल में धाकड़ बेटियां और दुर्गा वॉरियर्स आमने-सामने रहीं। पहले बल्लेबाजी करते हुए धाकड़ बेटियों ने निर्धारित 8 ओवर में एक विकेट खोकर 71 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी दुर्गा वॉरियर्स की टीम 8 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 34 रन ही बना सकी। धाकड़ बेटियों ने 37 रन से जीत दर्ज कर वूमेन्स प्रीमियर लीग का खिताब अपने नाम किया।
पेरेंट्स लीग के फाइनल में सुपर डेड्स और देसी पापा के बीच मुकाबला हुआ। पहले बल्लेबाजी करते हुए सुपर डेड्स ने निर्धारित 12 ओवर में 8 विकेट खोकर 112 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी देसी पापा की टीम 11.5 ओवर में 93 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। सुपर डेड्स ने 19 रन से मुकाबला जीतकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
3 नवंबर को सेलिब्रिटी लीग का फाइनल सीनियर क्रिकेटर्स और डिस्कॉम क्रिकेट क्लब के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सीनियर क्रिकेटर्स की टीम ने निर्धारित 12 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 103 रन बनाए। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी डिस्कॉम क्रिकेट क्लब की टीम 9 विकेट खोकर 89 रन ही बना सकी। सीनियर क्रिकेटर्स ने 14 रन से जीत दर्ज कर खिताब पर कब्जा जमाया।
टूर्नामेंट का चौथा और अंतिम फाइनल मुकाबला महूकलॉ धुरंधर और महाकाल सेना के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी महूकलॉ धुरंधर की टीम 11.1 ओवर में 66 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इसके बाद लक्ष्य का पीछा करने उतरी महाकाल सेना ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए महज 7 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 69 रन बना लिए। इस तरह महाकाल सेना ने 7 विकेट से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।
चारों लीग के फाइनल मुकाबलों के साथ बिगेस्ट नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 का समापन हुआ। पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों और दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। समापन पर चारों विजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।