गंगापुर सिटी में रमा एकादशी पर कुशालगढ़ स्थित बाबा श्याम मंदिर में विशेष पूजा और श्रृंगार किया गया।

गंगापुर सिटी। रमा एकादशी के पावन अवसर पर गुरुवार को गंगापुर सिटी के श्याम मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। नहर रोड स्थित कुशालगढ़ के बाबा श्याम मंदिर में फूलों से सजे भव्य दरबार ने भक्तों का ध्यान आकर्षित किया। वहीं श्रीकल्याणजी मंदिर में भी बाबा कल्याणजी की आकर्षक झांकी सजाई गई।

कुशालगढ़ स्थित बाबा श्याम मंदिर में दर्शन के लिए गुरुवार सुबह 4 बजे से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। मंदिर परिसर की साफ-सफाई और धुलाई के बाद बाबा श्याम को नवीन पोशाक धारण कराई गई। इसके बाद केवड़ा, चंपा, रजनीगंधा, मोगरा और गुलाब सहित विभिन्न सुगंधित फूलों से बाबा का मनमोहक शृंगार किया गया। विधिवत पूजा-अर्चना के बाद आरती संपन्न हुई।

श्री श्याम सेवा धाम समिति की ओर से मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था की गई। बाबा श्याम की भव्य झांकी के दर्शन के लिए दिनभर भक्तों का तांता लगा रहा। रमा एकादशी के अवसर पर मंदिर में सुबह से लेकर दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।

दूसरी ओर, श्रीकल्याणजी मंदिर में भी धार्मिक आयोजन हुए। यहां श्रद्धालुओं ने गोपाल सहस्रनाम एवं श्याम चालीसा का पाठ किया। रमा एकादशी पर दोनों मंदिरों में पूजा-अर्चना, भजन-पाठ और आकर्षक झांकियों के बीच श्रद्धालुओं की भागीदारी बनी रही।

Tags: