कोटा यूनिवर्सिटी महिला क्रिकेट में उपविजेता रही अग्रवाल कन्या महाविद्यालय की टीम।

गंगापुर सिटी। शिक्षा के क्षेत्र में अपनी पहचान स्थापित करने के बाद अग्रवाल कन्या महाविद्यालय, गंगापुर सिटी की छात्राओं ने खेल के मैदान में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया है। कोटा विश्वविद्यालय, कोटा की ओर से आयोजित अंतर महाविद्यालय महिला क्रिकेट प्रतियोगिता में अग्रवाल कन्या महाविद्यालय की टीम उपविजेता रही।

यह प्रतियोगिता भगवान महावीर सौरभ टीटी कॉलेज, खेड़ा में आयोजित की गई। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बृजेंद्र सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला राजकीय कला महाविद्यालय, कोटा और अग्रवाल कन्या महाविद्यालय, गंगापुर सिटी की टीमों के बीच खेला गया।

प्रतियोगिता के दौरान अग्रवाल कन्या महाविद्यालय की खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन, टीम भावना और शानदार प्रदर्शन से अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। सोमवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में महाविद्यालय की टीम ने सौरभ टीटी कॉलेज को 14 रनों से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई थी। इसके बाद टीम ने फाइनल तक का सफर तय करते हुए प्रतियोगिता में उपविजेता का स्थान हासिल किया।

टीम की इस उपलब्धि पर अग्रवाल शिक्षण संस्थान के अध्यक्ष दीनदयाल गुप्ता मच्छीपुरा वाले, महामंत्री गिर्राज प्रसाद गुप्ता अकाउंटेंट, कोषाध्यक्ष रमेश चंद गुप्ता पट्टी वाले, महाविद्यालय सचिव बाबूलाल गुप्ता सहित संस्थान के समस्त पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। अग्रवाल कन्या महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बृजेंद्र सिंह तथा समस्त स्टाफ सदस्यों ने भी टीम की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

संस्था पदाधिकारियों ने कहा कि अग्रवाल कन्या महाविद्यालय का उद्देश्य केवल शिक्षित बेटियां तैयार करना नहीं, बल्कि ऐसी आत्मविश्वासी, प्रतिभाशाली और बहुआयामी बेटियां तैयार करना है, जो शिक्षा, खेल, संस्कृति एवं जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित करें।

महिला क्रिकेट प्रतियोगिता में उपविजेता बनने की इस उपलब्धि से महाविद्यालय परिवार में हर्ष और उत्साह का माहौल है। छात्राओं के प्रदर्शन ने शिक्षा के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में भी महाविद्यालय की उपलब्धियों को नई पहचान दी है।

Tags: