तस्वीर में सवाई माधोपुर के गंगापुर सिटी में दीपावली के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम दुकानों पर मिठाइयों और खाद्य पदार्थों की जांच व सैंपलिंग करती हुई।

सवाई माधोपुर। दीपावली के मद्देनजर बाजारों में मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने गंगापुर सिटी के मिर्जापुर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। जांच के दौरान अधिक मात्रा में रंग से तैयार 147 किलोग्राम इमरती, जलेबी और मोतीचूर के लड्डू मौके पर ही नष्ट करवाए गए। इसके अलावा ठेलों पर खुले में बेचे जा रहे रंगयुक्त फ्रेंच फ्राइज भी नष्ट करवाए गए।

आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण, राजस्थान, जयपुर तथा जिला कलेक्टर एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सवाई माधोपुर के निर्देशानुसार जिले में दीपावली पर्व के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए "शुद्ध आहार मिलावट पर वार" अभियान के तहत सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की संयुक्त टीम मिर्जापुर-गंगापुर सिटी पहुंची और दुकानों पर बिक रही मिठाइयों एवं अन्य खाद्य पदार्थों की जांच की।

निरीक्षण के दौरान टीम को इमरती, जलेबी और मोतीचूर के लड्डुओं में तेज रंग का इस्तेमाल मिला। कुल 147 किलोग्राम ऐसी मिठाइयों को मौके पर ही नष्ट करवाया गया। वहीं, ठेलों पर खुले में बिक रहे रंग डले फ्रेंच फ्राइज को भी नष्ट करवाने की कार्रवाई की गई।

जांच के दौरान कई दुकानों पर जलेबी, कचौरी और अन्य खाद्य सामग्री अखबार पर रखकर बेची जा रही थी। टीम ने मौके पर मौजूद सभी हलवाइयों और दुकानदारों को खाद्य सामग्री अखबार पर नहीं रखने के लिए पाबंद किया। उन्हें अखबार की स्याही से होने वाले स्वास्थ्य नुकसान के बारे में भी समझाया गया। इस संबंध में संबंधित खाद्य कारोबारकर्ताओं को सुधार नोटिस जारी किए गए। साथ ही मिठाइयों में तेज और अधिक मात्रा में रंग का उपयोग नहीं करने की हिदायत दी गई।

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने कार्रवाई के दौरान कुल छह नमूने लिए। इनमें श्री बाबा मिष्ठान भंडार से मावा बर्फी, सैनी मिष्ठान भंडार से मिल्क केक, गोविंद प्रसाद सैनी से मावा बर्फी, पूजा चाट भंडार से खीरमोहन, राकेश कुमार मुकेश कुमार से पोहा तथा मोनू चाट भंडार से इस्तेमाल किए गए रिफाइंड सोयाबीन ऑयल का नमूना शामिल है।

सभी छह नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच में खाद्य पदार्थ अमानक या असुरक्षित पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा साफ-सफाई और अन्य कमियां पाए जाने पर टीम ने मौके पर ही तीन खाद्य कारोबारकर्ताओं को सुधार नोटिस (Improvement Notice) जारी किए। विभागीय टीम ने बताया कि मुख्यालय सहित जिले के सभी ब्लॉकों में मिठाइयों की सैंपलिंग और निरीक्षण की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी वेद प्रकाश पूर्विया, नितेश गौतम, चंचल मीणा, ज्योति अग्रवाल, वीरेंद्र सिंह राजपूत एवं राजेंद्र प्रसाद मीणा की टीम ने की। दीपावली के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए विभाग की यह कार्रवाई जिले में लगातार जारी रहेगी।

Tags: