सवाई माधोपुर: छोटा राजबाग में होगी 'एक शाम खाटूवाले के नाम' भजन संध्या, डॉ. किरोड़ी लाल ने किया पोस्टर विमोचन
सवाई माधोपुर में आयोजित धार्मिक उत्सव में गोकुल शर्मा सहित कई गायक प्रस्तुतियां देंगे। बाबा का भव्य दरबार और 56 भोग मुख्य आकर्षण रहेंगे।
सवाई माधोपुर में मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने भजन संध्या कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन किया।
सवाई माधोपुर के पुराना शहर स्थित छोटा राजबाग में मंगलवार, 3 नवंबर 2026 को ‘एक शाम खाटूवाले के नाम’ विशाल भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। श्री खाटू श्याम जी की अनुकंपा से आयोजित होने वाले इस धार्मिक उत्सव को लेकर श्याम भक्तों में उत्साह का माहौल है। कार्यक्रम के आमंत्रण पोस्टर का विमोचन सवाई माधोपुर विधायक एवं कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने किया। इस दौरान श्याम प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
समस्त श्याम प्रेमी परिवार, सवाई माधोपुर के आयोजक श्याम सुंदर ‘बैधजी’ जगमोहन गोयल एवं अक्षय सिंघल ने बताया कि भजन संध्या में सुप्रसिद्ध भजन गायकों और भजन प्रवाहकों की प्रस्तुतियां होंगी। कार्यक्रम में भजन गायक गोकुल शर्मा और राजू जी खण्डेलवाल, भजन प्रवाहिका पलक गोस्वामी तथा भजन प्रवाहक श्रेष्ठ दीक्षित अपनी प्रस्तुतियों से श्याम भक्तों को भावविभोर करेंगे।
भजन संध्या के लिए बाबा का भव्य दरबार सजाया जाएगा। आयोजन के दौरान पुष्प वर्षा, छप्पन भोग और भजन रसगंगा के विशेष कार्यक्रम भी होंगे। इसके साथ ही कार्यक्रम का सीधा प्रसारण (लाइव) किया जाएगा। संगीत व्यवस्था की जिम्मेदारी जयपुर के प्रसिद्ध ‘शिवम् साउण्ड’ की रहेगी, जिसके माध्यम से सुरीली ध्वनियां बिखेरी जाएंगी। यह पूरा आयोजन ‘श्री श्याम सखा संस्थान, कोटपुतली धर्मशाला, खाटूश्यामजी’ के पावन सान्निध्य में संपन्न होगा।
समस्त श्याम प्रेमी परिवार ने सवाई माधोपुर और आसपास के सभी धर्मप्रेमी बंधुओं से मंगलवार, 3 नवंबर को सायं 7:30 बजे से आयोजित होने वाली भजन संध्या में सपरिवार शामिल होने का आग्रह किया है। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से इस धार्मिक आयोजन में पहुंचकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।