सवाई माधोपुर के वजीरपुर में पंचायतीराज चुनाव 2026 को लेकर निकली मतदाता जागरूकता रैली
स्वीप कार्यक्रम के तहत वजीरपुर उपखंड के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने रैलियां निकालकर आमजन को शत-प्रतिशत मतदान के लिए प्रेरित किया।
पंचायतीराज चुनाव 2026 के लिए वजीरपुर में स्वीप कार्यक्रम के तहत निकली मतदाता जागरूकता रैली।
पंचायतीराज आम चुनाव 2026 में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने और लोकतंत्र को मजबूत बनाने के उद्देश्य से सवाई माधोपुर जिले के वजीरपुर उपखंड में विद्यालय स्तर पर मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया। स्वीप (SVEEP) कार्यक्रम एवं मतदाता जागरूकता पखवाड़े के तहत उपखंड के विभिन्न विद्यालयों में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने रैलियां निकालकर आमजन को मतदान के प्रति जागरूक किया।
यह आयोजन श्रीमान महिपाल सिंह, निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (पंचायत) एवं उपखंड अधिकारी (एसडीएम), जिला सवाई माधोपुर के निर्देशानुसार तथा जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशों की पालना में किया गया। कार्यक्रम का संचालन सोहन लाल गुप्ता (उप प्रधानाचार्य एवं स्वीप प्रभारी वजीरपुर) और नरेश सिसोदिया के नेतृत्व में किया गया।
स्वीप प्रभारी सोहन लाल गुप्ता ने बताया कि पंचायतीराज चुनाव 2026 के तहत वजीरपुर उपखंड के विद्यालयों में युवाओं को मतदान के महत्व से अवगत कराने के लिए जागरूकता रैलियां आयोजित की गईं। इनमें सैकड़ों छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने भाग लेकर मतदान का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पंचायतीराज चुनाव 2026 को निष्पक्ष, निर्भय एवं नैतिक बनाने के लिए मतदाता जागरूकता आवश्यक है। प्रत्येक मतदाता को अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए।
रैलियों के दौरान युवाओं से अपील की गई कि वे अपने परिवार और गांव में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के लिए लोगों को प्रेरित करें। छात्र-छात्राओं ने 'वोट हमारा अधिकार है, लोकतंत्र की शान है', 'मेरा मत-मेरा अधिकार', 'स्वतंत्र लोकतंत्र-सशक्त पंचायत', 'मतदान से समृद्ध राजस्थान', 'युवा शक्ति-लोकतंत्र की शक्ति', 'निर्भय-निष्पक्ष और नैतिक मतदान', 'मजबूत पंचायत-विकसित राजस्थान', 'हम सब ने ठाना है वोट डालने जाना है' और 'सारे काम छोड़ दो, सबसे पहले वोट दो' सहित विभिन्न नारों के माध्यम से जागरूकता का संदेश दिया।
ब्लॉक वजीरपुर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय श्यारोली में प्रभू लाल बेरवा, फिरोज खान और जितेंद्र वर्मा के नेतृत्व में जागरूकता रैली निकाली गई। वहीं, महात्मा गांधी विद्यालय जोगियों का पूरा सैवाला में रेखा, गोविंद सिंह मीणा और लखन लाल मीणा के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने रैली के माध्यम से मतदान के प्रति जागरूकता फैलाई।
इसी क्रम में मोहचा में एसके शर्मा, प्रधानाचार्य के निर्देशन में सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने मतदाता जागरूकता रैली निकाली। इन आयोजनों के माध्यम से युवाओं को मतदान के महत्व से जोड़ते हुए परिवारों और ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकाधिक मतदान के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।