Kota: सवाई माधोपुर अग्रवाल समाज सेवा संस्थान 15 नवंबर को कराएगा अन्नकूट उत्सव
रीको सामुदायिक भवन में प्रथम अन्नकूट महाउत्सव और बाबा खाटू श्याम के भव्य जागरण का आयोजन होगा, उप महापौर ने पोस्टर किया विमोचित।
कोटा में उप महापौर विवेक राजवंशी व पदाधिकारियों ने अन्नकूट और जागरण का पोस्टर जारी किया।
कोटा। सवाई माधोपुर अग्रवाल समाज सेवा संस्थान, कोटा के तत्वावधान में 15 नवंबर 2026 को प्रथम अन्नकूट महाउत्सव एवं बाबा खाटू श्याम के भव्य जागरण का आयोजन किया जाएगा। तलवंडी, इंद्र विहार स्थित रीको सामुदायिक भवन में आयोजित होने वाले इस धार्मिक कार्यक्रम की तैयारियों को संस्था द्वारा अंतिम रूप दिया जा रहा है।
आयोजन को लेकर तैयार किए गए आधिकारिक पोस्टर का विमोचन उप महापौर विवेक राजवंशी ने किया। इस अवसर पर उन्होंने संस्था के धार्मिक एवं सामाजिक प्रयास की सराहना करते हुए कार्यक्रम की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
संस्था के कोषाध्यक्ष भवानी शंकर गर्ग ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि रविवार, 15 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले इस उत्सव में समाज के लोग बड़ी संख्या में एकत्रित होंगे। प्रथम अन्नकूट महाउत्सव के साथ बाबा खाटू श्याम का भव्य जागरण भी कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहेगा।
पोस्टर विमोचन के अवसर पर संस्था अध्यक्ष दीपक सिंघल, सचिव हनुमान गोयल, संरक्षक रामचरण गुप्ता एवं हनुमान प्रसाद गुप्ता उपस्थित रहे। इसके अलावा कार्यकारिणी सदस्य विजय गोयल, विष्णु अग्रवाल, विष्णु कांत गुप्ता और राजेश गोयल सहित समाज के कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
संस्थान ने सभी धर्मप्रेमियों एवं समाज बंधुओं से 15 नवंबर को रीको सामुदायिक भवन, तलवंडी, इंद्र विहार में आयोजित होने वाले प्रथम अन्नकूट महाउत्सव और बाबा खाटू श्याम जागरण में शामिल होने की अपील की है।