राजस्थान शिक्षक संघ की मांग: दीपावली से पहले हो पीएल सरेंडर और बोनस का भुगतान
कोषागार से स्वीकृत होने के बावजूद लंबित समर्पित अवकाश, बोनस और पेंशन देयकों के त्वरित भुगतान के लिए मुख्यमंत्री व वित्त मंत्री को ज्ञापन सौंपा गया।
जयपुर। राजस्थान में शिक्षकों और कर्मचारियों के कोषागार से स्वीकृत होने के बावजूद अटके समर्पित अवकाश (पीएल सरेंडर), बोनस, पेंशन और अन्य बकाया भुगतान का मुद्दा गरमा गया है। राजस्थान शिक्षक संघ (सियाराम) ने इन सभी लंबित देयकों का भुगतान दीपावली से पहले सुनिश्चित करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री को ज्ञापन भेजा है।
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र शर्मा ने मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री को प्रेषित ज्ञापन में कहा है कि कोषागार से बिल पास होने के बाद भी सीलिंग के नाम पर समर्पित अवकाश के नकद भुगतान को रोका जा रहा है। इसके साथ ही बोनस, पेंशन सहित अन्य देयकों का भुगतान भी लंबित है। संगठन ने सरकार से इन सभी भुगतानों को दीपावली से पहले जारी करने की मांग की है।
प्रदेश महामंत्री रामदयाल मीणा ने बताया कि पिछले चार-पाँच माह से राज्य में कोषागार द्वारा शिक्षकों एवं कर्मचारियों के वेतन को छोड़कर अन्य सभी बिलों के भुगतान पर अघोषित रोक लगा रखी है। इसके चलते कर्मचारियों को भारी आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कोषागार से स्वीकृत बिलों का भुगतान नहीं होने से पूरे शिक्षक एवं कर्मचारी वर्ग में रोष और निराशा व्याप्त है।
राजस्थान शिक्षक संघ (सियाराम) ने सरकार से मांग की है कि कोषागार से पास हुए सभी कर्मचारियों के समर्पित अवकाश के नकद भुगतान संबंधी बिल, पेंशन भुगतान, बोनस और अन्य समस्त लंबित देयकों का दीपावली से पहले तत्काल भुगतान सुनिश्चित किया जाए। संगठन का कहना है कि समय पर भुगतान होने से शिक्षक और कर्मचारी अपने परिवार के साथ दीपावली का पर्व हर्षोल्लास से मना सकेंगे।